कंगना रनौत का नर्साें पर बयान- कम पैसे, ज्यादा काम और समाज की सबसे गंदी नजर
क्या है खबर?
अपनी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की रिलीज से पहले अभिनेत्री और राजनेता कंगना रनौत ने नर्सों के सम्मान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाने के बावजूद नर्सों को समाज में वो पहचान और सम्मान नहीं मिलता, जिसकी वे हकदार हैं। ये फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के कर्मचारियों की सच्ची वीरता से प्रेरित है, जिसमें नर्सों, वार्ड बॉय और अस्पताल स्टाफ के संघर्ष को दर्शाया गया है।
बयान
नर्साें को सबसे कामुक नजरिए से देखा जाता है- कंगना
ANI से कंगना ने उम्मीद जताई कि ये फिल्म दर्शकों को नर्सिंग पेशे के प्रति अपना नजरिया बदलने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, "बदलाव होना चाहिए, लोगों के जो भाव हैं, उनके लिए उसमें बदलाव होना चाहिए। मुझे लगता है कि ये सबसे ज्यादा गलत नजरिए से देखा जाने वाला पेशा है। उन्हें काम के बदले बहुत कम पैसे मिलते हैं, उनसे जरूरत से ज्यादा काम कराया जाता है और उन्हें सबसे कामुक नजरिए से देखा जाता है।"
सम्मान
"मरीजों की सेवा करने वाली नर्सों को मिलना चाहिए पूरा सम्मान"
कंगना के अनुसार, नर्सों को अक्सर वो गरिमा और सम्मान नहीं मिलता, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने आगे कहा, "नर्सें मरीजों की देखभाल, साफ-सफाई और अस्पताल की व्यवस्था को सुचारू रखने जैसी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन उनके योगदान को पर्याप्त पहचान नहीं मिलती।" कंगना ने उम्मीद जताई कि इस फिल्म के कारण लोगों के नजरिए में कुछ मिनटों के लिए भी बदलाव आता है तो उनका ये प्रयास सार्थक साबित होगा।"
पहनावा
नर्सों के पहनावे पर कंगना की निजी राय
कंगना बोलीं, "मुझे लगता है कि ब्रिटिश नर्सों का ड्रेस कोड अब भी चलन में है। हमारे डॉक्टर अपनी मर्जी के कपड़े पहन सकते हैं, उन्हें एक कोड मिलता है, लेकिन हमारी नर्सें, चाहे मौसम गर्म हो या ठंडा, विदेशी लुक में ही नजर आती हैं। ये मेरी निजी राय है, लेकिन इस फिल्म में हमने पूरी ईमानदारी और गरिमा के साथ काम किया है। आपका रंग-रूप या आकार मायने नहीं रखता, आपकी वर्दी ही आपका कर्तव्य है।"
फिल्म
कब रिलीज हो रही कंगना की 'भारत भाग्य विधाता'?
'भारत भाग्य विधाता' 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के उन गुमनाम नायकों की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने अपनी जान दांव पर लगाकर मरीजों की रक्षा की। मनोज तपाड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कंगना एक स्टाफ नर्स की भूमिका में हैं। फिल्म में गिरिजा ओक और स्मिता तांबे सहित कई कलाकार शामिल हैं। पेन स्टूडियो और मणिकर्णिका फिल्म्स द्वारा निर्मित ये फिल्म 12 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।