कंगना रनौत इस क्रांतिकारी महिला की बायोपिक का होंगी हिस्सा? आई ये बड़ा अपडेट
क्या है खबर?
अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपने राजनीति करियर से समय निकालकर फिल्मी दुनिया में वापसी कर ली है। साल की शुरुआत में खबर आई थी कि वह अपनी 2024 में घोषित फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की शूटिंग में जुट गई हैं। अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंगना अगली फिल्म के लिए बातचीत के दौर में हैं। भारत की पहली क्रांतिकारी महिला जासूस पर आधारित इस बायोपिक का निर्देशन शिवम नायर कर सकते हैं।
बायोपिक
नीरा आर्य की बायोपिक के लिए कंगना रनौत से बातचीत जारी
बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक, कंगना एक फीचर बायोपिक के लिए बातचीत कर रही हैं जिसमें वह नीरा आर्य का किरदार निभाती दिखाई दे सकती हैं। निर्माता शिवम नायर से निर्देशन के लिए संपर्क किया गया है, जिन्हें 'नाम शबाना' और 'द डिप्लोमैट' जैसी फिल्माें के लिए जाना जाता है। फिलहाल, परियोजना को लेकर बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। महत्वपूर्ण रचनात्मक और निर्माण संबंधी फैसले अभी लिए जा रहे हैं। सबकुछ तय होने तक फैंस को इंतजार करना होगा।
परिचय
जानिए कौन थीं नीरा आर्य, जिसके किरदार में दिख सकती हैं कंगना
भारत के सबसे कम चर्चित क्रांतिकारियों में शामिल में शामिल, नीरा आर्य देश की पहली महिला जासूस और आजाद हिंद फौज (INA) की सिपाही थीं। उन्होंने कथित तौर पर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर जानलेवा हमले को रोकने के लिए अपने ब्रिटिश खुफिया अधिकारी पति श्रीकांत जय रंजन दास की हत्या कर दी थी। इस जुर्म के लिए उन्हें अंडमान की सेल्युलर जेल में कालापानी की सजा मिली थी। भारत की आजादी के बाद उन्हें रिहा किया गया था।