अनुराग कश्यप से तलाक के बाद कैसे संभलीं कल्कि कोचलिन? अब जाकर किया खुलासा
क्या है खबर?
अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने हाल ही में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के साथ अपने तलाक और उसके बाद के मुश्किल दौर पर खुलकर बात की है। उन्होंने खुलासा किया कि अलग होने के तुरंत बाद उन्होंने अनुराग से पूरी तरह दूरी बना ली थी। अभिनेत्री के अनुसार, घावों को भरने और अपनी निजी पहचान को फिर से खोजने के लिए ये दूरी बेहद जरूरी थी, ताकि वो भविष्य में एक स्वस्थ दोस्ती की शुरुआत कर सकें।
आपबीती
सिर्फ थेरेपी से नहीं भरते तलाक के जख्म- कल्कि
NDTV के साथ बातचीत में अनुराग से तलाक के बाद के अपने कठिन सफर को साझा कर कल्कि ने स्वीकार किया कि ये रास्ता आसान नहीं था और इससे उबरने में उन्हें सालों की मेहनत और 'थेरेपी' का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, उनका मानना है कि केवल थेरेपी ही हर समस्या का समाधान नहीं है। उनके अनुसार, गहरे दुख में पहले उस दर्द को महसूस करना और स्वीकार करना जरूरी है, तभी लंबे समय में थेरेपी असर दिखाती है।
दिल की बात
"अलगाव के बाद खामोशी ही सबसे बढ़िया दवा"
कल्कि ने कहा कि लंबे समय में थेरेपी एक बेहतरीन टूल है, जो न केवल आपको पुराने जख्मों को भरने में मदद करती है, बल्कि भविष्य में दूसरों से मिलने वाली तकलीफों के लिए भी तैयार करती है। हालांकि, उन्होंने एक महत्वपूर्ण बात ये भी कही कि जब रिश्ता नया-नया टूटा हो और जख्म गहरे हों तो एक-दूसरे से 'बातचीत पूरी तरह बंद कर देना' ही सबसे सही रास्ता है, ताकि आप उस कड़वाहट से बाहर निकल सकें।
तरीका
कल्कि ने बताया रिश्तों के घाव भरने का गणित
अनुराग से अलग होने के बाद कल्कि ने अलगवा से उबरने का एक बुनियादी नियम बताया। उनके अनुसार, किसी रिश्ते के खत्म होने पर उससे बाहर निकलने के लिए कुछ समय की दूरी जरूरी है। कल्कि ने कहा, "जितने समय तक आप रिश्ते में रहे, उसका कम से कम आधा समय एक-दूसरे से पूरी तरह दूर (बिना बातचीत) बिताना चाहिए। मेरा मानना है कि ये तरीका मन को शांत करने में बड़ी मदद करता है।"
रिश्ता
2011 में शादी, 2015 में तलाक और अब दोस्ती
कल्कि बोलीं, "इसमें कुछ साल लग जाते हैं। हम तुरंत इस स्थिति (दोस्ती) तक नहीं पहुंचे थे और आपसी दूरी ने हमारी बहुत मदद की। अब हम अच्छी स्थिति में हैं। कभी-कभार एक-दूसरे से मिल लेते हैं या बातचीत कर लेते हैं।" कल्कि ने अपने अभिनय की शुरुआत अनुराग के निर्देशन में बनी फिल्म 'देव डी' से की थी। अनुराग और कल्कि ने साल 2011 में शादी की थी, लेकिन 2015 में वे आधिकारिक तौर पर अलग हो गए थे।