
काजोल ने बताया खुशहाल शादीशुदा जिंदगी का राज, बोलीं- हम तो अलग हो चुके होते
क्या है खबर?
जब भी बॉलीवुड की लोकप्रिय जोड़ियों का जिक्र होता है तो काजोल और अजय देवगन का नाम जरूर शामिल होता है। दोनों की शादी को 26 साल हो गए हैं और आज भी उनके बीच प्यार पहले जैसा ही है। दोनों हर मौके पर साथ नजर आते हैं। इन दिनों काजोल अपनी फिल्म 'मां' के प्रचार-प्रसार में लगी हैं, जिसके सह-निर्माता अजय हैं। हाल ही में उन्होंने अजय के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की।
ज्ञान
काजोल ने बताया खुशहाल शादीशुदा जिंदगी का राज
मैशेबल इंडिया को काजोल ने कई सवालों का जवाब दिया। उनसे पूछा गया कि अजय काफी कम बोलते हैं और वह बहुत बोलती हैं। ऐसे में दो अलग-अलग व्यक्तित्व वाले लोगों की आपस में कैसे बनती होगी तो वह बोलीं, "मैं अक्सर कहती हूं कि एक खुशहाल शादी अगर चाहिए तो आपको थोड़ा बहरा बनना होगा। आपको चीजों को नजरअंदाज करना होगा। अपने साथी की कुछ चीजों को भूलना बहुत जरूरी हैं और कुछ चीजें न सुनना बेहद जरूरी हैं।"
खुलासा
अजय ने खोली काजोल की पोल
काजोल बातचीत में आगे बोलीं, "अजय एक बहुत अच्छे कुक भी हैं। उनकी खासियत है, वो किसी भी चीज को एक बार चख सकते हैं। वो जानते हैं कि उसे ठीक वैसा कैसे बनाया जा सकता है। वो आपको अपनी रेसिपी की सीक्रेट सामग्री के बारे में कभी नहीं बताएंगे।" काजोल ने कहा कि वो और अजय एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं और यही वजह है कि दोनों अब तक साथ में खुश हैं।
दो टूक
हम एक जैसे होते तो कब के अलग हो चुके होते- काजोल
अभिनेत्री कहती हैं, "अजय और मैं बिल्कुल अलग हैं वरना हम लोगों को इतने साल नहीं लगते। हम बहुत पहले ही अलग हो गए होते। हमारे रिश्ते में डेट नाइट जैसी कोई चीज नहीं। हम ज्यादातर समय अपने परिवार के साथ बिताते हैं, क्योंकि काम के चलते ऐसा बहुत कम होता है कि हम घर पर एक साथ समय बिता पाएं, इसलिए जब भी हमें कुछ समय मिलता है, हम कोशिश करते हैं कि हम घर पर सबके साथ रहें।"
शादी और बच्चे
काजोल और अजय ने 1999 में की थी शादी
बता दें कि करीब 4 साल एक-दूसरे को डेट करने के बाद काजोल और अजय ने शादी करने का फैसला किया था। वे साल 1999 में शादी के बंधन में बंधे थे। काजोल और अजय देवगन के दो बच्चे निसा और युग हैं। दोनों ही सोशल मीडिया पर अपने बच्चों के साथ मस्ती करते हुए तस्वीरें साझा करते रहते हैं। काजोल और अजय ने 'प्यार तो होना ही था', 'इश्क' और 'तानाजी' जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है।