बिहार शरीफ में काजल राघवानी की कार पर हमला, भीड़ ने तोड़े शीशे
भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी को बिहार शरीफ में एक ज्वेलरी स्टोर के उद्घाटन के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी। हालात बिगड़ने पर लोग उनकी गाड़ी का पीछा करने लगे और इस दौरान कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। ये घटना तब हुई, जब काजल को भीड़ के बीच से जल्दबाजी में वहां से निकाला जा रहा था।
घटना के बाद काजल राघवानी ने बताया अपना हाल
घटना के बाद काजल राघवानी ने एक वीडियो जारी कर फैंस को बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए आगे भी अपना समर्थन बनाए रखने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली थी, जबकि आयोजकों का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। काजल ने साल 2013 में भोजपुरी फिल्मों में कदम रखा था और अब तक वो 50 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं।