
रणबीर कपूर की 'रामायण' से जुड़ीं काजल अग्रवाल, निभाएंगी ये अहम किरदार
क्या है खबर?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' की पिछले लंबे समय से चर्चा हो रही है। जब से रणबीर कपूर की इस फिल्म का ऐलान हुआ है, प्रशंसकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। फिल्म में रणबीर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, वहीं साई पल्लवी को माता सीता के किरदार के लिए चुना गया है। सुपरस्टार यश फिल्म में रावण की भूमिका में दिखाई देंगे। अब 'रामायण' में अभिनेत्री काजल अग्रवाल की एंट्री हो चुकी है।
स्टार कास्ट
मंदोदरी बनेंगी काजल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब काजल फिल्म 'रामायण' की स्टार कास्ट में शामिल हो गई हैं। वह फिल्म में रावण (यश) की पत्नी मंदोदरी की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग लगभग खत्म होने वाली है। यह पहला मौका पर जब यश और काजल एक साथ स्क्रीन साझा करेंगे। इससे पहले खबर आई थी कि मंदोदरी की भूमिका के लिए अभिनेत्री साक्षी तंवर से बातचीत चल रही है। हालांकि, उन्होंने खुद इन अफवाहों का खंडन किया।
रामायण
हनुमान बनेंगे सनी देओल
लक्ष्मण के किरदार के लिए पहले ही रवि दुबे के नाम पर मुहर लग चुकी है। विभीषण की भूमिका के लिए विजय सेतुपति से संपर्क किया गया है। सनी देओल भगवान हनुमान बने नजर आ सकते हैं। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह फिल्म में शूर्पणखा की भूमिका में दिखाई देंगी। 'रामायण' का पहला भाग दिवाली, 2026 में रिलीज किया जाएगा, वहीं फिल्म का दूसरा भाग ठीक एक बाद यानी 2027 में दिवाली के मौके पर ही दर्शकों के बीच आएगा।