'रामायण' में मंदोदरी की भूमिका निभाएंगी काजल अग्रवाल, बोलीं- कम सीन हैं, पर अनुभव शानदार है
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' में अभिनेत्री काजल अग्रवाल, मंदोदरी का किरदार निभाती नजर आएंगी। इस भव्य फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर (राम), साईं पल्लवी (सीता), यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) जैसे बड़े सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। अपने किरदार को लेकर काजल ने खुलासा किया कि फिल्म के पहले भाग में उनका स्क्रीन टाइम बहुत ज्यादा नहीं होगा, क्योंकि इस हिस्से की कहानी अभी लंका तक नहीं पहुंची है।
कम स्क्रीन टाइम के बावजूद खुश हैं काजल
कम दृश्य होने के बावजूद भी काजल ने इस अनुभव को 'शानदार' बताया है। उनका कहना है कि इतने बड़े और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए बहुत संतोषजनक है। सेट पर अपने सह-कलाकार यश की तारीफ करते हुए काजल ने उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की भी खूब सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि टीवी पर 'रामायण' देखते हुए इस महाकाव्य से उनका हमेशा एक गहरा निजी जुड़ाव रहा है। बता दें कि इस महागाथा का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज किया जाएगा, जबकि इसका दूसरा भाग अगले साल दर्शकों के सामने आएगा।