जुनैद खान बोले- आमिर खान के साये से बाहर निकलने में मेरी पूरी जिंदगी निकल जाएगी
क्या है खबर?
आमिर खान के बेटे जुनैद खान के मन में अपनी पहचान को लेकर गहरी कशमकश है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जुनैद ने अपनी विरासत और सुपरस्टार पिता के साथ तुलना पर ऐसी बात कह दी, जो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। जुनैद का मानना है कि 'आमिर खान का बेटा' होने का ठप्पा उनके साथ हमेशा जुड़ा रहेगा और इससे पूरी तरह बाहर निकलकर अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने में उनकी पूरी उम्र बीत जाएगी।
दो टूक
"आमिर के मुकाम का छोटा सा हिस्सा पाने में भी लगेगी पूरी जिंदगी"
अपनी फिल्म 'एक दिन' की को-स्टार साई पल्लवी के साथ एक बातचीत में जुनैद ने स्टार किड होने और उससे जुड़ी पहचान के संकट पर खुलकर बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें आमिर का बेटा होने के कारण दबाव महसूस होता है तो जुनैद ने बेबाकी से जवाब दिया। वो बोले कि उनके पिता ने अपने करियर में जो मुकाम हासिल किया है, उसका एक छोटा सा हिस्सा भी पाने के लिए उन्हें पूरी जिंदगी लग जाएगी।
बराबरी
"35 साल का स्टारडम और मैं"
जुनैद ने साई के सामने स्वीकार किया कि 'आमिर का बेटा' होने की पहचान एक ऐसा साया है, जिससे वो कभी पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाएंगे। उन्होंने कहा, "ये साया हमेशा रहेगा, यह न सकारात्मक है और न ही नकारात्मक। वो 35 सालों से स्टार हैं और मैं उनसे मुकाबला नहीं कर रहा हूं। मैं चाहे कितना भी अच्छा काम कर लूं, मैं आमिर खान का बेटा ही रहूंगा। उनके मुकाम तक पहुंचने में मुझे पूरी जिंदगी लग जाएगी।"
दो टूक
सिर्फ नाम नहीं, पसंद के लिए काम करते हैं जुनैद
अपनी पसंद पर जुनैद ने कहा कि वे उन प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना चाहते हैं, जिन्हें वो वास्तव में पसंद करते हैं और जहां काम का माहौल सुखद हो। दिलचस्प बात ये है कि खुद आमिर ने कई मौकों पर जुनैद के काम करने के तरीके की तारीफ की है। आमिर ने गर्व से बताया कि जुनैद ने इंडस्ट्री में अपनी राह खुद बनाने की ठानी है और आज तक कभी काम के लिए अपने पिता की मदद नहीं मांगी।
फिल्में
इन 3 फिल्मों में दिख चुके जुनैद
जुनैद ने साल 2024 में नेटफ्लिक्स की फिल्म 'महाराज' से अपने अभिनय करियर की सफल शुरुआत की, जिसमें उनके काम को काफी सराहा गया। इसके बाद उन्होंने खुशी कपूर के साथ फिल्म 'लवयापा' के जरिए बड़े पर्दे पर कदम रखा। हालांकि, ये फिल्म फ्लॉप हो गई। हाल ही में जुनैद की फिल्म 'एक दिन' रिलीज हुई है। इसके जरिए साई पल्लवी ने बॉलीवुड में कदम रखा है। हालांकि, इस फिल्म को भी दर्शकों ने नकार दिया है।