Page Loader
'जुग जुग जियो' का ट्रेलर जारी, कभी हंसाती तो कभी भावुक करती है कहानी
'जुग जुग जियो' का ट्रेलर जारी (तस्वीर- insta/@jugjuggjeeyo)

'जुग जुग जियो' का ट्रेलर जारी, कभी हंसाती तो कभी भावुक करती है कहानी

May 22, 2022
07:30 pm

क्या है खबर?

वरुण धवन और कियारा आडवाणी 'जुग जुग जियो' को लेकर दर्शकों की जुबां पर हैं। फिल्म 24 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन राज मेहता ने किया है। काफी समय से दर्शक फिल्म के ट्रेलर की राह देख रहे थे। अब मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर की खूब चर्चा हो रही है। वरुण और कियारा दोनों ने ही इसमें रोमांस का छौंक लगाया है।

ट्विटर पोस्ट

वरुण ने ट्विटर पर शेयर किया ट्रेलर

वरुण ने ट्विटर पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'आइए और इस साल के सबसे मनोरंजक फैमिली रीयूनियन की झलक देखिए। 'जुग जुग जियो' का ट्रेलर जारी हो गया है। यह फिल्म 24 जून को सिनेमाघरों में आ रही है।' इस फिल्म में अनिल कपूर और नीतू कपूर भी नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए पहली बार अनिल और नीतू की जोड़ी पर्दे पर नजर आएगी। इसका निर्माण करण जौहर ने किया है।

ट्रेलर

जानिए कैसा है फिल्म का ट्रेलर

वरुण (कुक्कू) और कियारा (नैना) की शादी टूटने की कगार पर है। दोनों के परिवार वालों को इसके बारे में जानकारी नहीं है। उनके माता-पिता की भूमिका अनिल और नीतू ने निभाई है। घर में वरुण की छोटी बहन की शादी है, इसलिए वरुण-कियारा फैसला करते हैं कि शादी तक तलाक की बात छिपाकर रखी जाए। फिर पता चलता है कि वरुण के माता-पिता भी तलाक लेने वाले हैं। रिश्ते बचेंगे या टूट जाएंगे, इसी के इर्दगिर्द यह फिल्म है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वरुण का ट्विटर पोस्ट

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (रिव्यू)

ट्रेलर में एक कपल के रूप में वरुण और कियारा की जोड़ी अच्छी लगी है। इसमें अनिल और वरुण ने दर्शकों को खूब हंसाया है। कुल मिलाकर यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म लगती है। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक काफी आकर्षित करता है।

कलाकार

फिल्म में ये कलाकार भी आएंगे नजर

धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म में वरुण सूद भी दिखेंगे। फिल्म में वह कैमियो की भूमिका में नजर आएंगे। मशहूर यूट्यूबर प्राजकता कोहली भी नजर आने वाली हैं। यह उनकी पहली फिल्म होगी। मनीष पॉल भी फिल्म का हिस्सा हैं। 16 नवंबर, 2020 को इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। इस फिल्म से नीतू लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं। आखिरी बार उन्हें 2013 में फिल्म 'बेशरम' में देखा गया था।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में भी दिखाई देंगे वरुण और कियारा

वरुण फिल्म 'रणभूमि' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर भी दिखेंगी। वरुण का नाम हॉरर कॉमेडी 'भेड़िया' से जुड़ा है। इस फिल्म में उनके साथ कृति सैनन नजर आएंगी। फिल्म 'इक्कीस' भी वरुण के खाते से जुड़ी है। कियारा हाल में रिलीज हुई 'भूल भुलैया 2' में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आई हैं। विक्की कौशल की 'मिस्टर लेले' में भी वह दिखेंगी। वह 'सत्यनारायण की कथा' और 'RC 15' में भी नजर आएंगी।