मलयालम सिनेमा से दुखद खबर, दिवंगत लेखक जॉन पॉल की पत्नी आयशा एलिजाबेथ का निधन
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मलयालम सिनेमा के जाने-माने और दिग्गज पटकथा लेखक स्वर्गीय जॉन पॉल की पत्नी आयशा एलिजाबेथ जॉन का निधन हो गया है। वो 75 साल की थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, आयशा एलिजाबेथ पिछले कुछ समय से बीमार थीं और उनका कोच्चि के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 27 जून को इसी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से उनके परिवार और फिल्म जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। आपको बता दें कि उनके पति जॉन पॉल भी मलयालम सिनेमा के एक बहुत बड़े लेखक थे, जिनका पहले ही निधन हो चुका है।
सिर में चोट लगने के बाद 25 जून को हुईं अस्पताल में भर्ती
आयशा एलिजाबेथ को 25 जून को पैदल चलते समय एक हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनका निधन हो गया। उनके परिवार में बेटी जिषा हैं। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए मरदु स्थित घर पर रखा जाएगा और रविवार यानी 28 जून की शाम 4 बजे सेंट मैरीज सनोरा चर्च में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।