मिस यूनिवर्स 2026 बनीं प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो, 116 सुंदरियों को पछाड़ जीता ताज
क्या है खबर?
मिस यूनिवर्स 2026 को प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो के रूप में नई विजेता मिल गई है। 24 नवंबर को सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता में 116 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया। जेनिफर ने सभी को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्हें मेक्सिको की पूर्व मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने ताज पहनाया। इस साल प्रतियोगिता का 75वां संस्करण था। जेनिफर ने 3,150 हीरों से जड़ा नया ताज पहना।
खिताब
मिस यूनिवर्स 2026 को मिली नई क्वीन
प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है।
अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित हुआ।
जेनिफर ने 116 प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर यह ताज जीता। उन्होंने 2025 की विजेता मेक्सिको की फातिमा बॉश की जगह ली है। कई हफ्तों तक चली इस प्रतियोगिता में अलग-अलग देशों की प्रतिभा और संस्कृतियों की झलक देखने को मिली।
ताज
18 कैरेट व्हाइट गोल्ड और 3,150 हीरों से बना है नया ताज
इस बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का 75वां संस्करण खास रहा। इस ऐतिहासिक पड़ाव का जश्न मनाने के लिए मिस यूनिवर्स संगठन ने नवंबर की शुरुआत में 'द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी' नाम से एक नया विशेष ताज पेश किया था।
इस ताज को ज्वेलरी डिजाइनर जॉर्ज विटल्स ने पेरिस के ज्वेलरी हाउस 'मेसन डी'ओर' के साथ मिलकर तैयार किया है, जिसमें 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड में 3,150 हीरे जड़े गए हैं।
विवाद
विवादों के साये में रही इस साल की प्रतियोगिता
यह संस्करण अपनी चमक-दमक और खूबसूरती के अलावा दूसरी वजहों से भी खूब सुर्खियों में रहा।
प्रतियोगिता के दौरान कई ऐसी घटनाएं सामने आईं, जिनसे आयोजकों की व्यवस्थाओं पर सवाल उठे।
वीजा की दिक्कतों और फ्रेंचाइजी से जुड़े विवादों के चलते कई देशों की प्रतिभागियों को अपना नाम वापस लेना पड़ा। इसके अलावा मिस यूनिवर्स इजरायल की नेशनल कॉस्ट्यूम को लेकर भी सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच खूब विवाद और विरोध देखने को मिला।
प्रतिस्पर्धा
भारत की काजिया लिज मेजो टॉप-30 में पहुंचीं, टॉप-12 से चूकीं
इस साल भारत का प्रतिनिधित्व केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने किया। उन्होंने मिस यूनिवर्स 2026 में टॉप-30 तक जगह बनाई, लेकिन स्विमसूट राउंड के बाद टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं।
मॉडल और लॉ की छात्रा मेजो इसी साल मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली केरल की पहली महिला बनी थीं।
साल 2024 में उन्होंने मिस टीन दिवा का खिताब जीता और 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए फर्स्ट रनर-अप रहीं।