Page Loader
पिता की इस आदत से दुखी थे जावेद जाफरी, जानिए उनसे जुड़ीं अनसुनी बातें
जावेद जाफरी से जुड़ीं अनसुनी बातें

पिता की इस आदत से दुखी थे जावेद जाफरी, जानिए उनसे जुड़ीं अनसुनी बातें

Dec 04, 2021
01:14 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड के शानदार अभिनेता जावेद जाफरी हर साल 4 दिसंबर को अपना जन्मदिन मनाते हैं। भले ही मुख्य अभिनेता के तौर पर फिल्मों में उनकी दाल नहीं गली, लेकिन सहायक भूमिकाओं से जावेद ने दर्शकों का दिल जीत लिया। वह बॉलीवुड के उन कलाकारों में शुमार हैं, जिन्हें अभिनय विरासत में मिला है। दरअसल, जावेद जाफरी हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन जगदीप के बेटे हैं। आइए जावेद के 57वें जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ीं कुछ अनसुनी बातें।

#1

इस आदत के कारण पिता से नफरत करते थे जावेद

भले ही जावेद ने अपने पिता जगदीप के नक्शेकदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में आगाज किया और कई कॉमेडी किरदार किए, लेकिन यह बात कम लोग ही जानते हैं कि अपनी युवावस्था में जावेद के अपने पिता संग अच्छे संबंध नहीं थे। दरअसल, उस समय उनके पिता को जुआ खेलने और शराब पीने की काफी लत थी। पिता की इसी आदत के चलते जावेद उनसे नफरत करते थे। हालांकि, जैसे-जैसे जावेद बड़े हुए, वह पिता का सम्मान करने लगे।

#2

राजनीति में भी आजमाई किस्मत

जावेद ने 2014 में राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाई। उन्होंने लोकसभा चुनावों से राजनीति में एंट्री करते हुए आम आदमी पार्टी के टिकट पर लखनऊ से भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि, यहां उनकी किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और वह चुनाव हार गए। उस वक्त जावेद ने कहा था, "मैं पैसे कमाने की नीयत से नहीं, बल्कि आम आदमी की मदद करने के इरादे से राजनीति में आया हूं।"

#3

जावेद की पहली शादी रही नाकाम

आज भले ही जावेद अपने पत्नी और बच्चों के साथ खुश हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह उनकी दूसरी शादी है। करियर की तुलना में जावेद की निजी जिंदगी अच्छी नहीं रही। 1989 में उन्होंने पाकिस्तानी फिल्म और टीवी एक्ट्रेस जेबा बख्तियार से शादी की थी, लेकिन महज एक साल बाद ही दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद जहां जेबा ने गायक अदनान सामी से शादी की, वहीं जावेद ने हबीबा जाफरी के साथ अपना घर बसाया।

#4

जावेद ने की थी भारत के पहले डांस रियलिटी शो की शुरुआत

जावेद ने अपने करियर में कई मुकाम हासिल किए। भारत के पहले डांस रियलिटी शो 'बूगी वूगी' की शुरुआत उन्होंने ही की थी। इस शो को जावेद ने अपने भाई नावेद जाफरी के साथ मिलकर होस्ट किया था। इसके जरिए डांस घर-घर तक पहुंचा। 'बूगी वूगी' करीब 15 सालों तक चला और खूब सुर्खियां बटोरीं। इस शो ने कई शानदार डांसर दिए। बाद में इसी कॉन्सेप्ट पर कई शो आए, लेकिन 'बूगी वूगी' वाला जादू कोई नहीं चला पाया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (बोनस इंफो)

जावेद ना सिर्फ एक शानदार सह-कलाकार हैं, बल्कि वह एक बेहतरीन डांसर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट भी हैं। दुनियाभर में लोग उनकी आवाज के कायल हैं। वह मिकी माउस से लेकर गूफी और डॉन कारनेज सहित इंटरनेशल कार्टून्स के लिए आवाज डब कर चुके हैं।

जानकारी

इन फिल्मों में नजर आएंगे जावेद

जावेद को हाल ही में फिल्म 'सूर्यवंशी' में देखा गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई कीर्तिमान स्थापित कर चुकी है। अब वह जल्द ही फिल्म 'मोहा' और 'जादूगर' में नजर आएंगे। 'जादूगर' में जावेद एक फुटबॉल कोच की भूमिका में दिखाई देंगे।