Page Loader
जावेद अली ने 'कुन फाया कुन' गाने को लेकर साझा की दिलचस्प बातें
जावेद अली ने एआर रहमान के साथ काम करने का अनुभव किया साझा

जावेद अली ने 'कुन फाया कुन' गाने को लेकर साझा की दिलचस्प बातें

लेखन मेघा
Jan 05, 2024
02:28 pm

क्या है खबर?

एआर रहमान की गिनती भारत के सर्वश्रेष्ठ संगीतकारों में होती है। उनके संगीत की दीवानगी भारत ही नहीं, दुनियाभर में देखने को मिलती है। 2011 में आई फिल्म 'रॉकस्टार' के गाने 'कुन फाया कुन' को रहमान की बेहतरीन रचनाओं में से एक माना जाता है। इस गाने को जावेद अली, रहमान, मोहित चौहान और निजामी ब्रदर्स ने अपनी आवाज दी थी। अब गायक जावेद ने गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान का अनुभव साझा करते हुए इसकी तुलना प्रार्थना से की।

बयान

रहमान ने कही थी रिकॉर्डिंग से पहले वजू करने की बात

द म्यूजिक पॉडकास्ट में बातचीत में जावेद ने बताया कि वह बाकी गानों की तरह इस गाने को रिकॉर्ड करने वाले थे, लेकिन रहमान ने उन्हें ऐसा महसूस कराया कि यह एक प्रार्थना थी। जावेद कहते हैं कि वह 'कुन फाया कुन' को रिकॉर्ड करने के लिए तैयार थे। इतने ही रहमान ने उनसे पूछा, "क्या तुमने वजू किया है? कृपया पहले वह करो।" ऐसे में गायक ने पहले वजू किया और फिर टोपी लगाकर ही गाना रिकॉर्ड किया।

विस्तार

अब सिर ढककर ही गाना गाते हैं जावेद

जावेद बताते हैं कि गाने को रिकॉर्ड करते समय पूरे स्टूडियो में अंधेरा कर दिया गया था और बस एक मोमबत्ती जल रही थी। उन्होंने कहा, "स्टूडियो में सिर्फ इरशाद साहब (गीतकार), रहमान सर और मैं था। ऐसा लगा जैसे हम सभी प्रार्थना कर रहे थे और जब लोग गाना सुनते हैं तो उन्हें भी ऐसा ही महसूस होता है।" जावेद कहते हैं कि अब जब भी वह मंच पर ये गाना गाते हैं तो अपना सिर ढक लेते हैं।

तारीफ

गायकों को आजादी देते हैं रहमान- जावेद

इस दौरान जावेद ने रहमान की तारीफ करते हुआ कहा कि वह अपने गायकों को आजादी देते हैं। उन्हें रहमान से काफी कुछ सीखने को मिला है और उनके आसपास एक दिव्य ऊर्जा रहती है। जावेद और रहमान इससे पहले भी कई गानों के लिए साथ काम कर चुके हैं। पहली बार उन्होंने 2008 में 'जोधा अकबर' के लिए साथ काम किया था, जिसमें जावेद ने 'जश्न-ए-बहारा' गाया था। उन्होंने 'रांझणा' के गाने 'तुम तक' को भी आवाज दी थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

रहमान को 2009 में आई फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए 2 ऑस्कर पुरस्कार मिले थे। उन्हें फिल्म के संगीत के लिए बेस्ट ओरिजिनल स्कोर और बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर मिला था। वह पद्मश्री और पद्म भूषण से भी सम्मानित हो चुके हैं।

सफर

ऐसा रहा जावेद का सफर 

जावेद बॉलीवुड के मशहूर गायक है, जिन्होंने कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज दी है। जावेद 2007 में फिल्म 'नकाब' के गाने 'एक दिन तेरी राहों में' से सुर्खियों में आए थे। इसके बाद उन्होंने 'गुजारिश', 'तुम मिले', 'दिवाना कर रहा है' और 'तू जो मिला' जैसे कई शानदार गानों को अपनी आवाज दी। वह 'ग्रेट म्यूजिक गुरुकुल', 'इंडियन आइडल 10' और 2 बार 'सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स' जैसे रियलिटी शो के जज रह चुके हैं।