'जन नायकन' को एक और झटका, 120 करोड़ की डील से OTT ने खींच लिए हाथ
क्या है खबर?
थलापति विजय के लिए 2026 बेहद मुश्किल भरा साबित होता दिख रहा है। एक ओर अभिनेता निजी जिंदगी में उपजे संकट से जूझ रहे हैं, क्योंकि उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने चेन्नई की अदालत में तलाक की अर्जी दी है। दूसरी तरफ, सेंसर बोर्ड के पचड़े में फंसी उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' ईद का चांद बनती जा रही है। अब ताजा खबर है कि फिल्म को कथित तौर पर 120 करोड़ रुपये का नुकसान भी उठाना पडे़गा।
डील
OTT डील पर पड़ा 'जन नायकन' के संकट का असर
123 तेलुगु के मुताबिक, अमेजन प्राइम वीडियो ने 'जन नायकन' के साथ हुई OTT डील को रद्द कर दिया है। दरअसल, फिल्म पोंगल, 2026 में रिलीज होनी थी, लेकिन सेंसरशिप विवाद के चलते इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। न्यूज18 तमिल के अनुसार, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने विजय की फिल्म के डिजिटल अधिकार 120 करोड़ रुपये की चौंका देने वाली रकम में खरीदे थे। अब रिलीज की स्पष्टता न होने से प्लेटफॉर्म सौदे से पीछे हट गया है।
स्क्रीनिंग
'जन नायकन' की स्क्रीनिंग का इंतजार
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने 'जन नायकन' के कुछ दृश्यों को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला और सशस्त्र बलों को आपत्तिजनक तरीके से दिखाने वाला बताया है। मद्रास हाई कोर्ट ने फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए इसे समीक्षा समिति को सौंपने का निर्देश दिया था जो 9 मार्च को होनी थी, लेकिन एक अप्रत्याशित घटनाक्रम के कारण यह फिर अधर में लटक गई है। अब देखना होगा कि फिल्म की रिलीज का रास्ता कब तक साफ होता है।