लॉक अप में माधुरी जैन का चौंकाने वाला बयान: 'गरीबों के बच्चे गरीबी बढ़ाते हैं', भड़की जनता!
मशहूर बिजनेसवुमन और अश्नीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ने नेटफ्लिक्स इंडिया के शो 'लॉक अप: सच या सजा' में एक ऐसा बयान दिया है, जिससे सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई है।
शो में तीसरा बच्चा न करने के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने परिवार नियोजन को सीधेतौर पर पैसे और संपत्ति से जोड़ दिया। माधुरी जैन ने कहा कि परिवार नियोजन हमेशा इंसान की आर्थिक स्थिति के हिसाब से होना चाहिए। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, "जितने अमीर लोगों के बच्चे होंगे, उतनी ही दौलत बढ़ेगी और जितने गरीब लोगों के बच्चे होंगे, उतनी ही गरीबी बढ़ेगी।" उनके इस बेबाक बयान को लेकर अब लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
माधुरी के बयान पर भड़का सोशल मीडिया
माधुरी जैन के इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना होने लगी। कई दर्शकों का मानना था कि उन्होंने इंसान की कीमत और उसकी गरिमा को सिर्फ उसके बैंक बैलेंस से तौल दिया है। लोगों ने इस बात पर भी जोर दिया कि समाज में अमीर-गरीब के बीच का अंतर सिर्फ परिवार के छोटे या बड़े होने से नहीं, बल्कि सिस्टम की कमियों के कारण भी होता है।
वैसे, इस एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत मेहमान के तौर पर नजर आईं, वहीं खेल की बात करें तो प्रतियोगी श्रेष्ठा अय्यर इस शो से बाहर होने वाली पहली सदस्य बन गई हैं।