'पेड्डी': जाह्नवी कपूर के समर्थन में आए जगपति बाबू- उन्होंने वही किया, जो निर्देशक ने कहा
क्या है खबर?
राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' कमाई के मामले में जितनी चर्चा बटोर रही है, उतनी ही ट्रोलिंग भी सह रही है। यह ट्रोलिंग फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार को पर्दे पर दर्शाने के तरीके के चलते हो रही है। आरोप लग रहे हैं कि निर्माता ने कुछ दृश्यों और कैमरा एंगल के जरिए अभिनेत्री को एक वस्तु की तरह पेश किया है। बढ़ते विवाद के बीच, फिल्म में नजर आए जगपति बाबू ने जाह्नवी का समर्थन किया है।
अपील
रचनात्मक निर्णयों के लिए ट्रोल करना सही नहीं
ईनाडु के अनुसार, जगपति ने बातचीत में कहा, "कलाकारों को फिल्म में लिए गए रचनात्मक फैसलों के लिए ट्रोल नहीं करना चाहिए। बेचारी (जाह्नवी) ने वही किया जो निर्देशक ने उसे करने को कहा था। कभी-कभी चीजें गलत हो जाती हैं, और ऐसा हो सकता है। इस मामले में, मैं जाह्नवी का समर्थन करता हूं। उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। लोगों को उन्हें ट्रोल नहीं करना चाहिए और उन्हें मानसिक रूप से परेशान नहीं करना चाहिए।"
माफी
'पेड्डी' निर्देशक ने आलोचनाओं पर तोड़ी थी चुप्पी
'पेड्डी' के निर्देशक बुची बाबू सना ने आलोचनाओं पर माफी मांगी थी और पुष्टि की थी कि फिल्म के विवादित दृश्यों को संपादित किया जाएगा। उन्होंने अपनी सफाई में कहा था कि उनका उद्देश्य दर्शकों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और जुड़ाव स्थापित करना था। उन्हें असहज या अपमानित महसूस नहीं था। वह महिलाओं का हमेशा से बहुत सम्मान करते आए हैं। फिलहाल इन आलोचनाओं पर जाह्नवी की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।