'पेड्डी' में जाह्नवी कपूर के किरदार पर आक्रोश, चौतरफा घिरे निर्देशक ने माना अपना दोष
क्या है खबर?
राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर को कथित तौर पर गलत तरीके से दिखाने को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस तीखी आलोचना के बाद फिल्म के निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने सामने आकर दर्शकों से माफी मांगी है। उन्होंने भरोसा दिया है कि वो दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और जल्द ही फिल्म में जरूरी बदलाव करेंगे। क्या कुछ कहा निर्देशक ने, आइए जानते हैं।
विवाद की वजह
जाह्नवी के 'कामुक चित्रण' पर विवाद
निर्देशक ने फिल्म में जाह्नवी के किरदार को अत्यधिक कामुक तरीके से दिखाए जाने पर हो रही आलोचना के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। विवाद फिल्म के उन दृश्यों को लेकर है, जिनमें जाह्नवी के किरदार 'अचियम्मा' को दिखाने के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक कैमरा एंगल्स का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा कुछ संवादों में उत्पीड़न, छेड़छाड़ और बिना सहमति जैसी गंभीर बातों को सामान्य रूप में पेश किए जाने पर भी दर्शकों ने आपत्ति जताई है।
मकसद
हमारा इरादा किसी महिला किरदार का अपमान करना नहीं था- निर्देशक
निर्देशक ने अपने बयान में एक्स पर लिखा, 'सिनेमा का काम मनोरंजन करना, प्रेरित करना और दर्शकों से जुड़ना होना चाहिए। इसे कभी भी किसी को असहज या अपमानित महसूस नहीं कराना चाहिए। हमें कुछ दृश्यों को लेकर जो प्रतिक्रियाएं मिली हैं, उन्हें सुना गया है और स्वीकार किया गया है। हमारा इरादा कभी भी किसी भी महिला किरदार को गलत तरीके से दिखाने या उसका अपमान करने का नहीं था।'
सम्मान
हम दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हैं- निर्देशक
निर्देशक ने आगे लिखा, 'अगर फिल्म के किसी भी हिस्से को अलग तरीके से समझा या देखा गया है तो टीम उन भावनाओं का सम्मान करती है और उठाए गए सवालों व चिंताओं को समझती है। दर्शकों से मिले फीडबैक की समीक्षा करने के बाद हमने संबंधित हिस्सों में बदलाव करने का फैसला किया है। सिनेमा दर्शकों के साथ अपने जुड़ाव के जरिए ही आगे बढ़ता है और इसके लिए कहानीकारों में जिम्मेदारी की भावना होना बेहद जरूरी है।'
बदलाव
जल्द बदले जाएंगे 'पेड्डी' के विवादित दृश्य
'पेड्डी' के पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है और टीम जल्द ही इन बदलावों को फिल्म में शामिल कर इसे सिनेमाघरों में रिलीज करेगी। निर्देशक ने पर्दे पर महिलाओं के सम्मानजनक चित्रण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि हर महिला सम्मान, गरिमा और सही प्रतिनिधित्व की हकदार है, और उनकी टीम मजबूत व सार्थक किरदार दिखाने पर ध्यान केंद्रित रखेगी। इसके साथ ही उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपनी राय देने के लिए दर्शकों का धन्यवाद भी किया।