ईरान-इजरायल तनाव के बीच दुबई में अटके अजित कुमार, मैनेजर ने दिया ये अपडेट
क्या है खबर?
मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव और ईरान-इजरायल के बीच छिड़ी जंग जैसी स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा है। इसके चलते कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है, जिसकी वजह से तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजित कुमार फिलहाल दुबई में फंस गए हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके लाखों फैंस की चिंता बढ़ गई। प्रशंसकों की घबराहट को देखते हुए अजित के मैनेजर ने स्थिति स्पष्ट की है।
कारण
रेसिंग के लिए UAE में थे अजित
इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण दुबई में उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिसकी वजह से अजित कुमार फिलहाल चेन्नई नहीं लौट पा रहे हैं। उनके मैनेजर ने प्रशंसकों को जानकारी देते हुए उनकी सुरक्षा की पुष्टि की है। अजित अपनी रेसिंग की प्रतिबद्धताओं के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में थे और उन्हें चेन्नई वापस लौटना था, लेकिन अचानक उड़ानें रद्द होने के कारण उनकी यात्रा की योजना बीच में ही रुक गई।
राहत
अजित कुमार सुरक्षित, मैनेजर ने फैंस को दी राहत
प्रशंसकों की चिंताओं को दूर करते हुए अभिनेता के मैनेजर ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने पुष्टि की है कि अजित पूरी तरह सही-सलामत और सुरक्षित हैं और उन्हें वर्तमान में किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है। मैनेजर ने आगे बताया कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी और उड़ान सेवाएं फिर से शुरू होंगी, अजित भारत लौट आएंगे। इस अपडेट ने उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों को बड़ी राहत दी है।
प्रशिक्षण
अबू धाबी में पेशेवर रेसिंग की बारीकियां सीख रहे अजित
अजित पिछले कुछ समय से अपने आगामी रेसिंग कार्यक्रमों के लिए अबू धाबी में कड़ी ट्रेनिंग ले रहे हैं। हाल ही में उन्होंने '2025 24H दुबई एंड्योरेंस रेस' में अपने शानदार प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अंतरराष्ट्रीय रेसिंग सर्किट पर उनकी बढ़ती सक्रियता ने दुनियाभर का ध्यान खींचा है और उनके फैंस सिनेमा से इतर उनके इस नए सफर में भी पूरी दिलचस्पी ले रहे हैं। अजित को आखिरी बार फिल्म 'गुड बैड अगली' में देखा गया था।
स्थिति
ईशा गुप्ता भी फंसीं, कहा- डरावने हैं हालात
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है। इस तनावपूर्ण माहौल के बीच बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा गुप्ता फिलहाल अबू धाबी (UAE) में हैं। प्रशंसकों की चिंता को देखते हुए ईशा ने सोशल मीडिया पर अपनी सुरक्षा की पुष्टि की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'हालात डरावने हैं, लेकिन मैं यहां अबू धाबी में सुरक्षित हूं। आप सभी की प्रार्थनाओं के लिए शुक्रिया।'
जंग
ईरान-इजरायल जंग के बीच दुबई और अबू धाबी में उड़ानें रद्द
बता दें कि ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी सीधी सैन्य जंग और मिसाइल हमलों के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। हालिया हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। आसमान में मिसाइलों और ड्रोनों की आवाजाही के कारण नागरिक विमानों के लिए उड़ान भरना जानलेवा हो सकता है। दुबई और अबू धाबी जैसे बड़े हवाई अड्डों के पास भी सुरक्षा जोखिम बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।