ईशान खट्टर का बड़ा निवेश, मुंबई के पाली हिल में खरीदा 29 करोड़ रुपये का फ्लैट
क्या है खबर?
शाहिद कपूर के छोटे भाई और अभिनेता ईशान खट्टर ने मुंबई के सबसे रिहायशी और महंगे इलाकों में शुमार पाली हिल में अपना नया आशियाना खरीदा है। रियल एस्टेट सेक्टर में बड़ा निवेश करते हुए ईशान ने एक आलीशान फ्लैट खरीदा है, जिसकी कीमत करीब 29.37 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अपनी दमदार एक्टिंग के लिए मशहूर 30 साल के ईशान अब इस नए घर के साथ मुंबई के कई बड़े फिल्मी सितारों के पड़ोसी बन गए हैं।
खासियत
ईशान के फ्लैट में 4 पार्किंग स्पेस
ईशान ने ये आलीशान फ्लैट बांद्रा के प्रीमियम इलाके पाली हिल स्थित नवरोज अपार्टमेंट्स में खरीदा है। दस्तावेजों के अनुसार, इस अपार्टमेंट का कुल कार्पेट एरिया 2,989.05 वर्ग फीट है। इस बड़े सौदे का पंजीकरण 5 फरवरी 2026 को पूरा किया गया। दस्तावेजों के मुताबिक, इस सौदे के लिए ईशान ने 1.76 करोड़ की भारी-भरकम स्टैंप ड्यूटी चुकाई है। इसमें 4 पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं, जो मुंबई जैसे शहर के प्रीमियम इलाके में एक बड़ी लग्जरी मानी जाती है।
करियर
ईशान खट्टर का कलाकार से बॉलीवुड स्टार बनने तक का सफर
ईशान भारतीय सिनेमा के एक उभरते हुए सितारे हैं। वो मशहूर अभिनेता राजेश खट्टर और नीलिमा अजीम के बेटे हैं। ईशान ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2005 में एक बाल कलाकार के रूप में फिल्म 'वाह! लाइफ हो तो ऐसी!' से की थी। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में उनके सौतेले भाई शाहिद मुख्य भूमिका में थे। पिछली बार करण जौहर की ऑस्कर पहुंची फिल्म 'होमबाउंड' के लिए ईशान ने दुनियाभर में खूब वाहवाही लूटी थी।
कुल संपत्ति
कितने करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं ईशान?
बता दें कि ईशान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी कुल संपत्ति करीब 15-20 करोड़ रुपये बताई जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो हर फिल्म के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं, जबकि विज्ञापनों की दुनिया में भी ईशान एक जाना-माना नाम हैं। वो एक ब्रांड को एंडोर्स करने के लिए लगभग 50 लाख रुपये तक की भारी-भरकम फीस लेते हैं। इंस्टाग्राम पर स्पॉन्सर्ड पोस्ट के जरिए भी ईशान अच्छी-खासी कमाई करते हैं।
पहली फिल्म
बतौर लीड हीरो ईशान की पहली फिल्म
ईशान ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत साल 2017 में मशहूर ईरानी निर्देशक माजिद मजीदी की फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' से की थी। ये एक इंटरनेशनल प्रोजेक्ट था, जिसमें ईशान ने 'आमिर' नाम के एक लड़के का किरदार निभाया था। इस फिल्म के लिए उन्हें 'फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू' का अवॉर्ड मिला, जिससे यह साफ हो गया कि ईशान अभिनय के मामले में लंबी रेस के घोड़े हैं। इसके बाद उन्हें 'धड़क' में जाह्नवी कपूर के साथ देखा गया था।