बादशाह से अलग होने पर टूटीं ईशा रिखी, बोलीं- दोबारा शादी करने से डर लगता है
क्या है खबर?
रैपर बादशाह और पंजाबी अभिनेत्री ईशा रिखी की राहें आधिकारिक तौर पर अलग हो गई हैं। दोनों ने आपसी सहमति से अपनी राहें जुदा कर ली हैं। हाल ही में ईशा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखते हुए अलग होने का फैसला किया है और फैंस से निजता का ध्यान रखने की अपील की है। उधर अपने हालिया इंटरव्यू में ईशा ने कहा कि उनके पास कहने को बहुत कुछ है।
बकेब
"मुझे अपनी निजी जिंदगी का तमाशा नहीं बनाना"
बॉम्बे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ईशा ने कहा कि वो अपनी जिंदगी के इस अध्याय को सम्मानजनक तरीके से खत्म करना चाहती हैं।
अपनी निजी जिंदगी पर खुलकर बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं सार्वजनिक रूप से अपनी निजी जिंदगी का तमाशा नहीं बनाना चाहती। मैं अपने घरेलू या निजी मामलों को सबके सामने उछालकर चर्चा नहीं बटोरना चाहती, क्योंकि ऐसा करना मेरी फितरत और स्वभाव में बिल्कुल नहीं है।"
दर्द
बादशाह से रिश्ते पर छलका दर्द
जब ईशा से उनके पूर्व साथी बादशाह के साथ मौजूदा रिश्ते पर पूछा गया तो उन्होंने माना कि उनके बीच सब उलझा हुआ है।
'बिग बॉस 20' की प्रतियोगी बनने की खबरों में छाईं ईशा बोलीं कि वो उस दिन का इंतजार कर रही हैं, जब उनमें सभी सवालों का सामना करने और जवाब देने की ताकत होगी, तब वो इस पर खुलकर बात करेंगी।
ईशा ने बताया कि फिलहाल वो अकेले ही इस मुश्किल लड़ाई को लड़ रही हैं।
गुस्सा
"भगवान से शिकायत थी, सोचा मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है"
8 साल की उम्र में अपने पिता को खोने वाली अभिनेत्री ने साझा किया कि जिंदगी ने कई बार उनकी परीक्षा ली है।
हालांकि, उन्होंने सही रास्ता दिखाने के लिए भगवान का शुक्रिया अदा किया। ईशा ने माना कि शुरुआत में उन्होंने भगवान को कोसा था और सोचा था कि उनके साथ ही ऐसा बार-बार क्यों होता है, लेकिन बाद में उन्हें अहसास हुआ कि ये स्थिति उनकी असल परीक्षा थी।
डर
जिंदगी में अब शादी का कोई ख्याल नहीं- ईशाा
ईशा ने कहा, "मैं सिर्फ इसलिए कड़वाहट से भरी इंसान नहीं बनना चाहती, क्योंकि मेरे साथ कुछ बुरा हुआ है, लेकिन मुझे पता है कि इस गम से उबरने और खुद को संभालने में काफी समय लगेगा।"
उन्होंने माना कि अब उन्हें दोबारा शादी करने से डर लगता है और फिलहाल लाइफ में शादी का कोई विचार नहीं है। हालांकि, उन्होंने खुद को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है और कहा कि वो ईश्वर के किसी फैसले को ठुकराएंगी नहीं।