बॉक्स ऑफिस के सुल्तानों को रेटिंग की रेस में मात दे चुकीं बॉलीवुड की ये नायिकाएं
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा में अक्सर 'हीरो' को ही बॉक्स ऑफिस का असली सिकंदर माना जाता है, लेकिन बीते कुछ सालों में बॉलीवुड की 'धाकड़' नायिकाओं ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हम बात कर रहे हैं उन चुनिंदा महिला केंद्रित फिल्मों की, जिन्होंने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि IMDb और समीक्षकों की रेटिंग्स के मामले में बड़े-बड़े सितारों की 'मसाला' फिल्मों को भी धोबी पछाड़ दी।
#1
कंगना रनौत (क्वीन)
जब महिला-केंद्रित फिल्मों के जरिए बड़े सितारों को रेटिंग्स में पछाड़ने की बात आती है तो कंगना रनौत की फिल्म 'क्वीन' का नाम जरूर आता है। साल 2014 में आई इस फिल्म ने बॉलीवुड के पारंपरिक ढांचे को हिलाकर रख दिया था। 8.1 की शानदार IMDb रेटिंग के साथ बिना किसी बड़े हीरो' के कंगना ने अकेले इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाया। इसकी कहानी ऐसी लड़की (रानी) की है, जो शादी टूटने के बाद अकेले हनीमून पर निकल जाती है।
#2
विद्या बालन (कहानी)
साल 2012 में आई 'कहानी' ने ये साबित कर दिया कि बिना किसी बड़े 'मसाला' हीरो के भी एक थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफिस और रेटिंग्स के चार्ट पर आग लगा सकती है। विद्या बालन ने इस फिल्म में एक गर्भवती महिला 'विद्या बागची' का किरदार निभाकर दर्शकों और समीक्षकों दोनों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था। 8.1 की शानदार IMDb रेटिंग के साथ 'कहानी' आज भी बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन सस्पेंस-थ्रिलर फिल्मों में गिनी जाती है।
#3
श्रीदेवी (इंग्लिश विंग्लिश)
साल 2012 में श्रीदेवी ने 15 साल के लंबे ब्रेक के बाद 'इंग्लिश विंग्लिश' के जरिए पर्दे पर वापसी की और साबित कर दिया कि एक 'मां' और 'गृहिणी' की साधारण सी कहानी भी बड़े-बड़े नायकों की एक्शन फिल्मों पर भारी पड़ सकती है। 7.8 की बेहतरीन IMDb रेटिंग के साथ, इस फिल्म ने न केवल भारत में, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त तारीफ बटोरी। इसने उन मसाला फिल्मों को पछाड़ दिया, जो केवल ग्लैमर के दम पर चलती थीं।
#4
आलिया भट्ट (गंगूबाई काठियावाड़ी)
साल 2022 में जब सिनेमाघर कोरोना महामारी के बाद संघर्ष कर रहे थे, तब आलिया भट्ट ने 'गैंगस्टर क्वीन' बन खूब धाक जमाई। 7.8 की दमदार IMDb रेटिंग के साथ 'गंगूबाई काठियावाड़ी' ने साबित कर दिया कि एक महिला की कहानी में भी वही 'स्वैग' और 'पावर' हो सकती है, जो किसी बड़े एक्शन स्टार की फिल्म में होती है। कामाठीपुरा की गलियों से निकलकर सत्ता के गलियारों तक पहुंचने वाली 'गंगू' के किरदार में आलिया ने कमाल कर दिया।
जानकारी
आलिया भट्ट (राजी) और सोनम कपूर (नीरजा)
मेघना गुलजार की फिल्म 'राजी' को 7.7 रेटिंग मिली, जिसमें आलिया भट्ट ने एक जांबाज कश्मीरी जासूस 'सहमत' के किरदार में जान फूंक दी। उधर सोनम कपूर ने 7.6 रेटिंग वाली 'नीरजा' में एक साहसी फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट की सच्ची कहानी को जीवंत किया।