Loading...
इंटरनेशनल एमी 2026 में चूके वीर दास, 'फूल वॉल्यूम' को हराकर इस सीरीज ने मारी बाजी
वीर दास के हाथ से फिसला इंटरनेशनल एमी पुरस्कार

इंटरनेशनल एमी 2026 में चूके वीर दास, 'फूल वॉल्यूम' को हराकर इस सीरीज ने मारी बाजी

Nov 24, 2026
09:29 am

क्या है खबर?

54वें इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स में भारत की दमदार मौजूदगी दिखी, लेकिन कॉमेडी श्रेणी में निराशा हाथ लगी है। न्यूयॉर्क के हिल्टन मिडटाउन में आयोजित इस भव्य समारोह में कॉमेडियन वीर दास का शो 'वीर दास: फूल वॉल्यूम' सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी सीरीज का खिताब जीतने से चूक गया। इस श्रेणी में अर्जेंटीना की सीरीज 'डिवीजन पलेर्मो- सीजन 2' ने ट्रॉफी अपने नाम की। बता दें, 2021 में 'फॉर इंडिया' और 2023 में 'लैंडिंग' के बाद यह वीर का तीसरा नामांकन था।

रिकॉर्ड

ट्रॉफी हारकर भी वीर दास ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

वीर दास के नेटफ्लिक्स स्पेशल 'वीर दास: फूल वॉल्यूम' को कॉमेडी श्रेणी में नामांकित किया गया था। भले वह जीत से चूक गए, लेकिन 3 बार इंटरनेशनल एमी के लिए नामांकित होने वाले पहले भारतीय कलाकार जरूर बन गए हैं।

दूसरी ओर, भारत की ओर से बेस्ट ड्रामा सीरीज कैटेगरी में मानव कौल और मोहम्मद जीशान अय्यूब अभिनीत सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' को नामांकित किया गया था। हालांकि, इसे फ्रांस के पीरियड ड्रामा 'कारेम' से शिकस्त मिली है।

गर्व

विजय सेतुपति ने संभाला मोर्चा

इस भव्य समारोह में साउथ अभिनेता विजय सेतुपति ने प्रेजेंटर के रूप में शामिल होकर भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और अवॉर्ड भी प्रेजेंट किया।

उन्हें इस कार्यक्रम में लाने में अहम भूमिका प्रोड्यूसर कविता गुप्ता ने निभाई है।

बता दें, कविता 'इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ टेलीविजन आर्ट्स एंड साइंसेज' की बोर्ड मेंबर हैं। इससे पहले, उन्होंने 2024 में वीर दास इंटरनेशनल एमी होस्ट करने में मदद की थी।

ADVERTISEMENT