Page Loader
इन भारतीय अभिनेत्रियों की फिल्मों ने दुनियाभर में कमाए 1,000 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई करने वालीं अभिनेत्रियां

इन भारतीय अभिनेत्रियों की फिल्मों ने दुनियाभर में कमाए 1,000 करोड़ रुपये

Oct 04, 2023
12:54 pm

क्या है खबर?

वैश्विक सिनेमा में भारतीय सिनेमा धीमे-धीमे अपनी जगह बनाने में कामयाब रहा है। भारतीय फिल्में कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय समारोहों में जगह पाती हैं, तो कई फिल्में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर छा चुकी हैं। इन फिल्मों में महिला कलाकारों की अहम भूमिका रहती है। अपनी फिल्मों के जरिए कई अभिनेत्रियां दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुकी हैं। आइए, नजर डालते हैं उन अभिनेत्रियों पर, जिनकी फिल्में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये कमा चुकी हैं।

#1

अनुष्का शेट्टी 

भारतीय फिल्मों में सबसे पहले एसएस राजामौली की फिल्म 'बाहुबली 2' ने 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। फिल्म ने दुनियाभर में 1,800 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म में प्रभास ने बाहुबली का किरदार निभाया था। फिल्म में प्रभास के साथ अनुष्का शेट्टी नजर आई थीं, जिन्होंने देवसेना का किरदार निभाया था। 'बाहुबली 2' के बाद अनुष्का ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया था। हाल ही में वह 'मिस शेट्टी मिस्टर पॉलीशेट्टी' में नजर आई हैं।

#2

दीपिका पादुकोण 

इस साल जनवरी में आई फिल्म 'पठान' ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,050 करोड़ रुपये कमाए थे। 'पठान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण नजर आई थीं। इसमें दीपिका ने ISI की एक पूर्व एजेंट का किरदार निभाया था। अपने मुल्क को दुश्मनों से बचाने के लिए वह भारतीय जासूस पठान के साथ काम करने लगती है। फिल्म के गाने 'बेशरम रंग' में दीपिका के कपड़ों पर खूब विवाद हुआ था।

#3

नयनतारा

नयनतारा दक्षिण भारतीय सिनेमा की सुपरस्टार हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्म 'जवान' से बॉलीवुड में कदम रखा है। फिल्म में शाहरुख दोहरी भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म सिनेमाघरों में खूब पसंद की जा रही है और दुनियाभर में अब तक 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है। फिल्म में नयनतारा एक सुरक्षा अधिकारी की भूमिका में नजर आई हैं। पर्दे पर वह शाहरुख के साथ रोमांस भी करती हैं और एक्शन भी।

#4

सान्या मल्होत्रा

आमिर खान की फिल्म 'दंगल' भी दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शुमार है। फिल्म की दुनियाभर में दीवानगी देखने को मिली थी और इसने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 2,000 करोड़ रुपये कमाए थे। निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म से सान्या मल्होत्रा ने डेब्यू किया था। उनके साथ फिल्म में फातिमा सना शेख भी थीं। फिल्म पहलवान गीता फोगाट और बबीता फोगाट के जीवन और उनके खेल पर आधारित थी।

#5 

ये अभिनेत्रियां भी 1,000 करोड़ी फिल्मों में आईं नजर

इसके अलावा यश की फिल्म 'KGF-2' ने भी वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। इस फिल्म में अभिनेत्री रवीना टंडन भी नजर आई थीं। राजामौली की फिल्म 'RRR' की पिछले साल दुनियाभर में धूम रही। फिल्म के गाने 'नाटु-नाटु' ने गोल्डन ग्लोब और ऑस्कर जीता था। इस फिल्म में आलिया भट्ट और श्रिया शरन ने कैमियो किया था। फिल्म में अजय देवगन का भी कैमियो था।