इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने जीता दिल, दीया मिर्जा बोलीं- लंबे समय बाद देखी ऐसी दमदार लव स्टोरी
निर्देशक इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। साल 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन और उसके दर्द पर बनी इस फिल्म की कहानी को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे एक बेहद भावुक, असरदार और दमदार लव स्टोरी बताया है, जो लंबे समय के बाद सिनेमा में देखने को मिली है। दीया ने फिल्म के मुख्य कलाकारों नसीरुद्दीन शाह, दिलजीत दोसांझ, शरवरी वाघ और वेदांग रैना की एक्टिंग की भी जमकर सराहना की और पूरी टीम की मेहनत के लिए उनका शुक्रिया अदा किया, वहीं ताहिरा कश्यप ने भी फिल्म को बेहतरीन बताते हुए लोगों से इसे सिनेमाघरों में जाकर देखने की अपील की है।
शरवरी ने साझा की सेट से अनदेखी तस्वीरें
शरवरी ने सोशल मीडिया पर फिल्म के बिहाइंड-द-सीन (BTS) की कुछ तस्वीरें साझा की हैं और इन्हें अपनी टीम के लिए एक 'प्यार भरा खत' बताया है। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि कैसे पूरी टीम ने दिन-रात एक करके इस कहानी को पर्दे पर उतारा। इसके साथ ही शरवरी ने फिल्म की पूरी क्रू और अपने उन सभी फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने फिल्म को इतना ढेर सारा प्यार और समर्थन दिया है।