'तमाशा' की असफलता से इम्तियाज अली ने लिया सबक, 'मैं वापस आऊंगा' के लिए बदली सोच
क्या है खबर?
फिल्म 'तमाशा' ने रिलीज के कुछ सालों बाद दर्शकों के बीच एक खास जगह बना ली है। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुरुआत में बॉक्स ऑफिस पर खास सफल नहीं रही थी, लेकिन समय के साथ इसकी लोकप्रियता और प्रभाव बढ़ता गया। आज कई दर्शक इसे इम्तियाज की बेहतरीन फिल्मों में गिनते हैं। अब निर्देशक ने फिल्म के प्रभाव और इसे लेकर अपने मौजूदा नजरिए पर बात की है।
बात
इस सोच को मानने वालों में से हैं इम्तियाज
इम्तियाज से गलाटा प्लस से बातचीत में 'तमाशा' के बारे में पूछा गया और यह जानना चाहा कि इतने सालों बाद भी फिल्म को मिल रहे प्यार और तारीफ को देखकर उन्हें कैसा लगता है?
इस पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि किसी भी फिल्म को ठीक उतना ही मिलता है, जितनी वह हकदार होती है। मैं इसी सोच को मानने वालों में से हूं। मुझे लगता है कि 'तमाशा' शायद थोड़ी जटिल थी।"
खुशी
इम्तियाज को है इस बात की खुशी
इम्तियाज ने आगे कहा, "इसे और अधिक साफ बनाने की कोशिश में, शायद मैंने इसे थोड़ा मुश्किल बना दिया और इसे पूरी तरह से समझ आने में थोड़ा समय लग गया। मुझे इस बात की खुशी है कि लोग इसे प्यार दे रहे हैं, इससे जुड़ रहे हैं और यहां तक कि अपनी जिंदगी के फैसलों के लिए भी इसका जिक्र करते हैं। मैं इसका पूरा श्रेय खुद नहीं लेना चाहता, क्योंकि मैंने भी कई अन्य चीजों से सीखा है।"
सीख
'मैं वापस आऊंगा' के लिए इम्तियाज ने 'तमाशा' की असफलता से सीखा सबक
इम्तियाज कहते हैं, "यह प्यार का एक बहुत बड़ा इजहार है और मैं इससे बहुत खुश हूं, लेकिन मेरे लिए, यह एक सबक की तरह है कि मैं अपनी अगली फिल्म को और ज्यादा सरल और समझने में आसान बनाऊं। 'मैं वापस आऊंगा' के लिए मेरा यही लक्ष्य था। मैं एक ऐसी फिल्म बनाना चाहता हूं, जिसमें गहराई हो, लेकिन जो दर्शकों को पहली बार में ही आसानी से समझ आ जाए।"
जानकारी
'तमाशा' ने की थी इतनी कमाई
'तमाशा' एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसमें रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं। इसने भारत में कुल 67 करोड़ और दुनिया भर में लगभग 130 करोड़ की कमाई की थी। ट्रेड ट्रैकर्स ने इसे फ्लॉप घोषित कर दिया था।