इम्तियाज अली की फिल्म 'ओ साथी रे' की रिलीज डेट का हुआ ऐलान, जानें कहां देख सकते हैं
इम्तियाज अली की नई सीरीज 'ओ साथी रे' 4 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर आ रही है। इस शो में अदिति राव हैदरी और अविनाश तिवारी मुख्य भूमिका में हैं।
यह कहानी एक ऐसे जोड़े की है, जो तलाक की मुश्किलों से गुजर रहा है। इसमें प्यार और अलगाव की भावनाओं को बेहद मार्मिक तरीके से दिखाया गया है।
इस सीरीज को आरिफ अली ने निर्देशित किया है। नेटफ्लिक्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस खबर की जानकारी दी है।
'ओ साथी रे' में होगा यह खास
'ओ साथी रे' सीरीज में रिश्तों के बदलने के साथ-साथ लोगों की पहचान और उनकी ताकत में आने वाले बदलावों को गहराई से दिखाया गया है।
इसमें यह जानने की कोशिश की गई है कि जब रिश्ते बिखर जाते हैं, तब भी प्यार कैसे जिंदा रह सकता है। इस सीरीज की पटकथा इम्तियाज, अमोघ कानस्कर और निधि सेठिया ने मिलकर लिखी है।
उन्होंने कहानी में निजी पहचान, अपनी-अपनी इच्छाओं, रिश्तों में ताकत के समीकरणों और किसी चीज को छोड़ देने की प्रक्रिया जैसे विषयों को छुआ है।
इस शो में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी के अलावा अर्जुन रामपाल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह शो एक जटिल प्रेम कहानी की गहराइयों में उतरता है।