इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' ने मचाई धूम, 3 दिनों में कमाए इतने करोड़
इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी शुरुआत अच्छी की है। फिल्म ने पहले 3 दिनों में 5.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
इसमें नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म विभाजन के समय की एक प्रेम कहानी है, जो खोए हुए प्यार और खुद को फिर से तलाशने का सफर दिखाती है।
'मैं वापस आऊंगा' निर्देशक और निर्माताओं का जीत रही है दिल
फिल्म ने कमाई के मामले में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की है। शुक्रवार को फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए, शनिवार को 1.85 करोड़ रुपये और रविवार को यह आंकड़ा बढ़कर 2.5 करोड़ रुपये हो गया।
रविवार को सिनेमाघरों में लगभग एक-तिहाई सीटें भरी हुई थीं। फिल्म को बड़े-बड़े निर्देशक और निर्माता भी काफी पसंद कर रहे हैं।
जोया अख्तर ने इसे खूबसूरत बताया तो अनुराग कश्यप ने एडिटर आरती बजाज को चैंपियन कहकर सराहा।
अनुभव सिन्हा ने इम्तियाज के दिल छू लेने वाले कहानी कहने के अंदाज की जमकर तारीफ की।
दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म से इम्तियाज, एआर रहमान और इरशाद कामिल की वो मशहूर तिकड़ी वापस आई है, जिसने पहले 'रॉकस्टार', 'तमाशा' और 'हाईवे' जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं।