इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा' ने दर्शकों को रुलाया, बंटवारे के दर्द ने सबको झकझोरा
इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' ने दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ी है। यह फिल्म खासकर उन दर्शकों को बेहद पसंद आई, जिनके परिवार का देश के बंटवारे से सीधा नाता रहा है।
रिलायंस एंटरप्राइजेज इंटेलिजेंस के CEO परमिंदर सिंह ने बताया कि फिल्म देखकर उनकी आंखें भर आईं।
उन्होंने मुंबई के आईनॉक्स जियो वर्ल्ड प्लाजा में यह फिल्म देखी और फिर वह रात और भी यादगार बन गई, जब खुद फिल्म के निर्देशक इम्तियाज और मुख्य अभिनेत्री शर्वरी वाघ दर्शकों से मिलने अचानक वहां पहुंच गए।
परमिंदर ने की 'मैं वापस आऊंगा' की सोशल मीडिया पर तारीफ
परमिंदर का परिवार भी देश के बंटवारे से प्रभावित था, इसलिए फिल्म में प्यार, जुदाई और पहचान की जो कहानी दिखाई गई है, वह उनके लिए बेहद निजी अनुभव रहा।
फिल्म ने उन पर क्या असर किया, यह बात इम्तियाज को बताने के बाद, परमिंदर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर दूसरों को भी यह फिल्म देखने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने लिखा, 'यह फिल्म जरूर देखें। यह मार्मिक, खूबसूरत और दिल को झकझोर देने वाली है।'
उनके इस पोस्ट ने एक नई बहस छेड़ दी कि नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारों वाली बंटवारे पर बनी यह फिल्म आज के समय में इतने लोगों को क्यों जोड़ रही है।