'आई एम लीजेंड' के सीक्वल के लिए पहली बार साथ आए विल स्मिथ और माइकल जॉर्डन
क्या है खबर?
हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। फिल्म 'आई एम लीजेंड' उन्हीं में से एक है। दर्शकों को इस फिल्म की कहानी और इसमें स्मिथ का अभिनय बेहद पसंद आया था।
यही वजह है कि इसके सीक्वल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। खबर है कि जल्द ही स्मिथ 'आई एम लीजेंड 2' के साथ पर्दे पर लौटेंगे। सुपरस्टार माइकल बी जॉर्डन भी इससे जुड़ गए हैं।
आइए पूरी खबर जानते है।
रिपोर्ट
शुरू हो गया सीक्वल पर काम
डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, 'आई एम लीजेंड' के सीक्वल पर काम शुरू हो गया है। सीक्वल में विल स्मिथ के साथ 'ब्लैक पैंथर' एक्टर माइकल जॉर्डन अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। दोनों सितारे पहली बार पर्दे पर साथ दिखाई देंगे।
स्क्रीनराइटर अकिवा गोल्ड्समैन ही इसकी कहानी लिखेंगे। वह फिल्म के सह-निर्माता भी हैं।
फिल्म में स्मिथ के किरदार की अंत में मौत हो गई थी। उनके कैरेक्टर को सीक्वल में कैसे दिखाया जाएगा, यह जानकारी फिलहाल नहीं मिली है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
माइकल जॉर्डन को 'फ्रूटवेल स्टेशन' और 'ब्लैक पैंथर' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। वह दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल हो चुके हैं। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने उन्हें 21वीं सदी के 25 महान अभिनेताओं की सूची में 15वां स्थान दिया था।
किरदार
'आई एम लीजेंड' में साइंटिस्ट बने थे विल स्मिथ
'आई एम लीजेंड' में विल स्मिथ मुख्य भूमिका में थे। इसमें उन्होंने एक साइंटिस्ट रॉबर्ट नेविल की भूमिका निभाई थी, जो कैंसर के इलाज के लिए बनाए गए एक वायरस के प्रभाव को रोकने की कोशिश करता है।
ये वायरस न्यूयॉर्क शहर की अधिकांश आबादी को खत्म कर उन्हें नरभक्षी बना देता है। इस वायरस के फैलाव को रोकने के लिए शहर खाली कराया जाता है।
बाद में न्यूयॉर्क में सिर्फ एक व्यक्ति (रॉबर्ट) अपने कुत्ते के साथ बचता है।
कलेक्शन
2007 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी 'आई एम लीजेंड'
यह फिल्म 2007 में रिलीज हुई थी। फ्रांसिस लॉरेंस ने इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी। फिल्म ने रिलीज होते ही तहलका मचा दिया था। यह 2007 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी।
150 मिलियन डॉलर इस फिल्म का बजट था और इसने दुनिया भर में 585.4 मिलियन डॉलर की कमाई की थी।
फिल्म में स्मिथ के साथ ऐलिस ब्रागा, चार्ली तहान और डैश मिहोक जैसे कलाकार नजर आए थे।
उपलब्धि
स्मिथ को हाल ही में मिला SAG अवॉर्ड
स्मिथ को हाल ही में स्क्रीन गिल्ड अवॉर्ड (SAG) समारोह में फिल्म 'किंग रिचर्ड' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है।
इससे पहले उन्हें इस फिल्म के लिए मोशन पिक्चर ड्रामा की श्रेणी में बेस्ट एक्टर का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिला था। स्मिथ की इस फिल्म को ऑस्कर के लिए भी नॉमिनेट किया गया है।
इससे पहले बॉक्सर मोहम्मद अली की बायोपिक 'अली' और 'द परस्युट ऑफ हैपिनेस' के लिए भी उन्हें ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला था।