ऋतिक रोशन ने गोरेगांव में लिया ऑफिस, 5 साल की लीज पर हर महीने देंगे लाखों का किराया
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने मुंबई के गोरेगांव ईस्ट में क्वांटमएक्स ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के लिए 2,727 वर्ग फुट का एक ऑफिस 5 साल की लीज पर लिया है। इसके लिए कुल 4.82 करोड़ रुपये का किराया तय हुआ है।
यह डील 31 अगस्त को रजिस्टर हुई थी और यह लीज 5 सितंबर से प्रभावी होगी। लोटस कॉर्पोरेट पार्क की 14वीं मंजिल पर स्थित इस ऑफिस का शुरुआती किराया हर महीने 7.3 लाख रुपये होगा।
कितना होगा फायदा?
हर साल किराए में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जिससे 5वें साल तक हर महीने का किराया 8.87 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा।
रोशन परिवार रियल एस्टेट से जुड़े सौदों में काफी सक्रिय रहता है। हाल ही में ऋतिक ने अंधेरी वेस्ट में एक और ऑफिस किराए पर लिया है, जिसके लिए वे 17 लाख रुपये महीना दे रहे हैं।
दूसरी तरफ, उनके माता-पिता ने जुहू-विले पार्ले स्थित अपना अपार्टमेंट किराए पर दिया है, वहीं राकेश रोशन ने इस साल की शुरुआत में पुणे में अपनी जमीन बेची थी।