नेहा कक्कड़ और टोनी कक्कड़ के साथ आएगा हनी सिंह का नया गाना
क्या है खबर?
योयो हनी सिंह पिछले कुछ समय से विवादों में हैं। जब से उनकी पत्नी शालिनी ने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है, वह लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
अब भले ही हनी की निजी जिंदगी में उथल-पुथल मची हुई हो, लेकिन वह इसका असर अपनी पेशेवर जिंदगी में नहीं पड़ने देना चाहते।
तभी तो उन्होंने जानी-मानी सिंगर नेहा कक्कड़ के साथ अपने नए गाने की घोषणा कर दी है।
आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।
घोषणा
2 सितंबर को आएगा गाने का टीजर
हनी सिंह जल्द ही नेहा कक्कड़ और उनके भाई टोनी कक्कड़ के साथ अपना नया गाना 'कांटा लगा' लेकर आ रहे हैं। उन्होंने गाने का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। पोस्ट में हनी, नेहा और टोनी तीनों ही स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं।
पोस्टर को साझा करते हुए हनी ने लिखा, 'ये है मेरे अगले गाने 'कांटा लगा...' का पहला पोस्टर। इसका टीजर 2 सितंबर को दोपहर 3 बजे आपके बीच होगा।'
नाराजगी
बीते दिनों हनी सिंह को कोर्ट ने लगाई थी फटकार
पत्नी शालिनी के आरोपों के बाद हाल ही में हनी की पेशी दिल्ली के कोर्ट में होनी थी, लेकिन उनके वकील ने कहा कि वह अस्वस्थ होने के चलते कोर्ट में पेश नहीं हो सकते।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह ने कहा, "कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। हैरान हूं कि इस मामले को इतने हल्के में कैसे लिया जा रहा है?"
दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट ने 3 सितंबर 12:30 बजे हनी को पेश होने का आदेश दिया है।
इल्जाम
हनी पर शालिनी ने लगाए हैं ये आरोप
शालिनी ने हनी पर शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और आर्थिक शोषण जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने हनी के माता-पिता और बहन पर भी आरोप लगाए हैं।
शालिनी ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद हनी सिंह ने कई महिलाओं के साथ अवैध शारीरिक संबंध बनाए हैं।
शालिनी ने मामले में 10 करोड़ रुपये का मुआवजा मांगते हुए कहा है कि उनके साथ इस रिश्ते में जानवरों की तरह बर्ताव किया गया है।
लोकप्रियता
कई हिट गाने दे चुके हैं हनी सिंह
गायक और रैपर योयो हनी सिंह ने अपने गानों पर लोगों को थिरकने पर मजबूर किया है। उन्होंने सिंगिंग और रैपिंग में अपनी एक विशेष जगह बनाई है।
'ब्लू आइज; से लेकर 'डोप शोप', 'अंग्रेजी बीट दे' और 'यार बथेरे' जैसे उनके कई गानों को लोगों ने बेहद पसंद किया है।
संगीत की दुनिया से लंबे अरसे तक गायब रहने के बाद हनी सिंह ने अपने नए एल्बम 'मक्खना' के साथ 2018 में इंडस्ट्री में दोबारा एंट्री की थी।