हनी सिंह म्यूजिक लेबल पर बरसे, बोले- अहंकार ताे रावण का भी नहीं टिका मेरे दोस्त
क्या है खबर?
मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह ने एक म्यूजिक लेबल पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस म्यूजिक कंपनी की वजह से उनके गानों की रिलीज रुक रही है और उनका काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगर ये बेवजह की परेशानी और कानूनी अड़चनें बीच में न आतीं तो वो हर महीने कम से कम 5 नए गाने रिलीज कर रहे होते। क्या कुछ बोले हनी, आइए जानते हैं।
गुस्सा
गानों की रोक से भड़के हनी
हनी ने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो शेयर कर कहा, "एक म्यूजिक लेबल ने मुझे इतना तंग किया हुआ है। मेरा भोलेनाथ सब देख रहा है। अगर उन्हें इस बात का गुरूर है कि वो बहुत बड़े हैं तो मेरे दोस्तों याद रखो कि ऐसा अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका था। म्यूजिक लेबलों ने मेरी इतनी बजा रखी है और मुझे इतना तंग किया है, वरना मैं अब तक आपको हर महीने 5 नए गाने दे रहा होता।"
रामायण
"ये मुझे दोबारा बर्बाद करना चाहते हैं"
हनी ने खुलासा किया कि म्यूजिक लेबलों के बेवजह परेशान करने की वजह से उनका काम अटका हुआ है। उन्होंने कहा, "ये लोग मुझे दोबारा बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ भोलेनाथ हैं। वे इनके घमंड को जरूर तोड़ेंगे और हम अपनी कामयाबी के दम पर इन्हें करारा जवाब देंगे।"
हनी ने फिल्म 'रामायण' के टीजर की जमकर तारीफ की। उन्होंने 'रावण' के रूप में अभिनेता यश के लुक और स्क्रीन प्रेजेंस को बेहद शानदार बताया।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए हनी सिंह का वीडियो
ਇੱਕ ਮਿਊਜ਼ਿਕ ਲੇਬਲ ਮੈਨੂੰ ਬਹੁਤ ਤੰਗ ਕਰ ਰਿਹਾ-Yo Yo Honey Singh-The Varinder Show #viral #viralvideo#viralreels pic.twitter.com/Sn6mKUSriD
— Varinder Singh (Bawa). (@Varinderdigital) August 20, 2026
चर्चा
फैंस बोले- म्यूजिक लेबल का नाम तो बताओ
हनी ने भले ही अपनी परेशानियों का खुलकर जिक्र किया, लेकिन उन्होंने किसी भी म्यूजिक लेबल का नाम लेने से परहेज किया। सालों से वे भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे बड़े ब्रांड्स और कंपनियों के साथ काम करते आ रहे हैं, ऐसे में फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर उनका इशारा किस लेबल की तरफ था।
सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनसे सवाल पूछ रहे हैं कि कौन-सा म्यूजिक लेबल उन्हें परेशान कर रहा है।
एक ने लिखा, 'नाम तो बताओ।'
ऐलान
जल्द आएगा हनी सिंह का ये खास गाना
इन सभी परेशानियों के बावजूद हनी ने फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि वो जल्द ही मशहूर हिप-हॉप कलाकार एमीवे बंटाई संग काम करने वाले हैं और उनका ये गाना इसी साल रिलीज हो सकता है।
हाल ही में हनी का जोरदार ट्रैक 'गॉड स्टाइल' रिलीज हुआ है, जिसे होमी दिल्लीवाला ने लिखा है। इससे पहले वो 'मूनलाइट', नोरा फतेही के साथ 'बॉडी रोल' और 'जवानी इराकी' जैसे गाने भी फैंस के बीच पेश कर चुके हैं।