LOADING...
शिल्पा शिंदे-हिना खान का झगड़ा पहुंचा प्रधानमंत्री मोदी तक, झूठे यौन उत्पीड़न केस पर नया घमासान
शिल्पा शिंदे के 'झूठ' पर भड़कीं हिना खान

शिल्पा शिंदे-हिना खान का झगड़ा पहुंचा प्रधानमंत्री मोदी तक, झूठे यौन उत्पीड़न केस पर नया घमासान

Jun 05, 2026
10:05 am

क्या है खबर?

साल 2017 में रियलिटी शो 'बिग बॉस 11' के दौरान हिना खान और शिल्पा शिंदे के बीच जबरदस्त दुश्मनी देखने को मिली थी। उस सीजन में शिल्पा विजेता बनी थीं और हिना रनर-अप रही थीं। अब टीवी इंडस्ट्री की ये दोनों अभिनेत्रियां एक बार फिर आमने-सामने हैं। शिल्पा द्वारा यौन उत्पीड़न के दावों को 'झूठा' कबूल करने के बाद ये विवाद अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंच गया है। ऐसा क्या हुआ और कैसे हुआ, आइए जानते हैं।

नया पोस्ट

शिल्पा के समर्थकों पर भड़की हिना

हिना ने गुरुवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक के बाद एक कई लंबे पोस्ट साझा कर शिल्पा शिंदे के व्यवहार पर तीखा हमला बोला है। इस बार हिना के निशाने पर खासतौर पर वो महिलाएं हैं, जो 'झूठा केस' दर्ज कराने के कबूलनामे के बाद भी शिल्पा शिंदे की तारीफें कर रही हैं और उनका समर्थन कर रही हैं। वैसे इससे पहले भी हिना ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शिल्पा को खूब लताड़ा था।

तंज

हिना ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को टैग कर शिल्पा पर कसा बड़ा तंज

हिना ने अपने नए पोस्ट में लिखा, 'भारत के माननीय प्रधानमंत्री, माननीय राष्ट्रपति और माननीय कानून मंत्री जी, कृपया उन सभी अपराधियों को रिहा कर दीजिए, जिन्होंने अपना अपराध करने के बाद उसे खुद कबूल कर लिया है, क्योंकि उनके पास साहस है, क्योंकि वे फाइटर्स (लड़ाके) हैं, क्योंकि वे सच के साथ खड़े हैं, और इसलिए भी, क्योंकि जब उन्होंने अपराध किया था, तब किसी ने उनका समर्थन नहीं किया था।'

Advertisement

नाराजगी

क्या आप लोगों का दिमाग ठिकाने पर नहीं है?

हिना ने आगे लिखा, 'मुझे इस बात पर बिल्कुल यकीन नहीं हो रहा है कि महिलाएं सिर्फ इसलिए ऐसे बेतुके और घटिया कदम का समर्थन कर रही हैं, क्योंकि उनकी पसंदीदा महिला ने इसे खुद स्वीकार किया है। भाई, ये एक अपराध है। क्या होता अगर पीड़ित ने शर्मिंदगी के मारे आत्महत्या कर ली होती या उसकी शादी टूट गई होती? क्या आप लोगों का दिमाग ठिकाने पर नहीं है?

Advertisement

भड़ास

हिना ने महिलाओं की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल

हिना के मुताबिक, मनोरंजन जगत की महिलाओं को समझना चाहिए कि ऐसी हरकतें पूरे समुदाय की छवि को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पहले से ही समाज में कई तरह के पूर्वाग्रहों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अगर ऐसी घटनाओं का विरोध नहीं किया गया तो ये धारणा मजबूत होगी कि कुछ लोग निजी फायदे के लिए महिला होने का गलत इस्तेमाल करते हैं। इससे महिलाओं की विश्वसनीयता और सम्मान दोनों को नुकसान पहुंचेगा।

ज्ञान

समझाया 'महिलावाद' का असली मतलब

हिना ने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि महिलावाद का मतलब समानता है, इसलिए गलत करने वाली महिलाओं का भी विरोध होना चाहिए। उन्होंने इसे निजी लड़ाई नहीं, बल्कि सही-गलत का मुद्दा बताया। हिना ने शिल्पा शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि निजी फायदे के लिए जेंडर का गलत इस्तेमाल शर्मनाक है। उनके अनुसार, ऐसी हरकतें 'मी टू' जैसे आंदोलनों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाती हैं और असली पीड़ित महिलाओं की आवाज कमजोर करती हैं।

विवाद

शुरू कहां से हुआ विवाद?

शिल्पा ने पिछले दिनों भारती सिंह-हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में बताया कि 'भाभी जी घर पर हैं' के निर्माता पर लगाए गए उनके यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे। उन्होंने कहा था, "अब मुझे सच बताने में डर नहीं। मैंने निर्माता के खिलाफ केस इसलिए दर्ज कराया था, क्योंकि मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। बाद में समझौता कर मैं उस स्थिति से बाहर आ गई।" इस बयान के बाद से उनका सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है।

जानकारी

शिल्पा का हिना पर तीखा पलटवार

हाल ही में शिल्पा ने भी हिना का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए कहा था, "पब्लिसिटी पाने के लिए आपके पास पहले से बीमारियां हैं, घर के लोगों की जो मौत हुई है, वो लोग हैं, तो आपको शिल्पा शिंदे क्यों चाहिए?"

Advertisement