शिल्पा शिंदे पर भड़कीं हिना खान- विवाद जीतने के लिए महिला होने का फायदा उठाना शर्मनाक
क्या है खबर?
टीवी जगत की 2 सबसे चर्चित अभिनेत्रियां शिल्पा शिंदे और हिना खान, एक बार फिर आमने-सामने हैं। दरअसल, 'भाभी जी घर पर हैं' के निर्माता पर सालों पहले लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप को शिल्पा शिंदे द्वारा 'झूठा' कबूल किए जाने के बाद से वो लगातार सबके निशाने पर हैं। अब शिल्पा के इस खुलासे पर रिएलिटी शो 'बिग बॉस 11' में उनकी सह-प्रतियोगी रहीं हिना खान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
पोस्ट
बात जब महिलाओं की हो तो चुप नहीं रह सकतीं हिना
हिना ने शिल्पा के इस कदम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे 'बेहद शर्मनाक' करार दिया। उन्होंने साेशल मीडिया पर लिखा, 'मैं आमतौर पर कभी किसी के बारे में बात नहीं करती, ना ही दूसरों के निजी मामलों पर कोई टिप्पणी करती हूं। मैं सिर्फ और सिर्फ तभी अपनी आवाज उठाती हूं, जब बात किसी बेहद संवेदनशील मुद्दे की हो, जो एक समाज के तौर पर और खासकर महिलाओं के रूप में हम सभी को प्रभावित करता है।'
हैरानी
हिना ने कहा- हैरानी बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं
हिना ने आगे बेहद कड़े शब्दों में लिखा, 'हां, किसी विवाद के दौरान खुद को जिताने के लिए अपने महिला होने का इस्तेमाल करना और किसी की छवि को बदनाम करना पूरी तरह से शर्मनाक है। हर कोई इसके खिलाफ आवाज उठाकर और न्याय की मांग करके बिल्कुल सही कर रहा है। इस मामले पर अपनी हैरानी और सदमे को बयां करने के लिए मेरे पास सचमुच शब्द नहीं हैं।'
सहानुभूति
असली पीड़ित वो इज्जतदार निर्माता है, जिसकी पत्नी और बेटी है- हिना
हिना ने लिखा, ' एक ऐसे इंसान होने के नाते, जिसे जनता का प्यार मिला है और जिसके पास अपनी बात रखने का मंच है तो मुझे अपना फर्ज निभाना चाहिए, लेकिन मैं यहां 'असली पीड़ित' के बारे में बात करना चाहती हूं। एक ऐसा इज्जतदार इंसान, जिसकी पत्नी है, एक बेटी है और उसके परिवार में कई अन्य महिलाएं भी हैं। कई कालजयी धारावाहिक बनाने वाला एक असली और मेहनती निर्माता, जो इस बेहद दर्दनाक दौर से गुजरा।'
अवसर
शिल्पा को दोबारा मौका मिलने पर हैरान हुईं हिना
हिना लिखती हैं, 'जैसा कि खुद शिल्पा शिंदे ने कबूल किया है, उनके आरोप न केवल बेबुनियाद थे, बल्कि उनका इस्तेमाल कानून का सहारा लिए बिना सिर्फ अपना फायदा उठाने, खुद को जिताने और मामले को अपने पक्ष में करने के लिए किया गया था।' हिना इस बात से भी हैरान हैं कि जिस निर्माता पर झूठा आरोप लगा, उसी ने शिल्पा शिंदे को दोबारा उसी शो में काम देकर उस आरोप को सही साबित करने का मौका दे दिया।
खुलासा
शिल्पा शिंदे के इस चौंकाने वाले कबूलनामे से जन्मा विवाद
शिल्पा ने पिछले दिनों भारती सिंह-हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में बताया कि 'भाभी जी घर पर हैं' के निर्माता पर लगाए गए उनके यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे। उन्होंने कहा था, "अब मुझे सच बताने में डर नहीं। मैंने निर्माता के खिलाफ केस इसलिए दर्ज कराया था, क्योंकि मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था। बाद में समझौता कर मैं उस स्थिति से बाहर आ गई।" इस बयान के बाद से उनका सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है।