'द केरल स्टोरी 2' पर हाई कोर्ट की रोक, सेंसर बोर्ड को भी लिया आड़े हाथ
क्या है खबर?
केरल हाई कोर्ट ने 'द केरल स्टोरी' के दूसरे भाग 'द केरल स्टोरी 2: गो बियॉन्ड' की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी है। फिल्म की विषय-वस्तु और सामाजिक शांति पर संभावित असर को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अदालत ने ये फैसला सुनाया। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को भी आड़े हाथों लिया और कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट देते समय निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया।
फैसला
27 फरवरी को रिलीज नहीं हो पाएगी फिल्म
फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए जज ने आदेश दिया कि ये फिल्म अपनी तय तारीख 27 फरवरी को रिलीज नहीं की जा सकेगी। सुनवाई के दौरान अदालत ने सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और साफतौर पर कहा कि बोर्ड ने फिल्म को मंजूरी देते समय निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया है। रिलीज से महज कुछ दिन पहले आए इस फैसले ने निर्माताओं की चिंता बढ़ा दी है।
फटकार
कोर्ट ने की सेंसर बोर्ड की सख्त आलोचना
कोर्ट ने रिलीज पर रोक लगाते हुए सेंसर बोर्ड के खिलाफ बेहद तल्ख टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि फिल्म को सर्टिफिकेट देते समय बोर्ड की ओर से 'विवेक का इस्तेमाल' पूरी तरह गायब दिखा। जज ने कहा कि आमतौर पर अदालतें फिल्मों की रिलीज में दखल देने से हिचकिचाती हैं, लेकिन इस मामले में स्थिति अलग है। जब फिल्म की सामग्री में सांप्रदायिक वैमनस्य भड़काने की वास्तविक क्षमता हो, तब अदालत का हस्तक्षेप करना अनिवार्य हो जाता है।
आदेश
सेंसर बोर्ड को दोबारा जांच के आदेश
केरल हाई कोर्ट ने बोर्ड को आदेश दिया है कि वो याचिकाकर्ताओं द्वारा दायर 'रिवीजन याचिकाओं' पर 2 सप्ताह के भीतर नए सिरे से विचार करे। अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि: जब तक सेंसर बोर्ड इन याचिकाओं पर सुनवाई कर नया आदेश पारित नहीं करता, तब तक फिल्म रिलीज नहीं होगी। इसका मतलब है कि 27 फरवरी की रिलीज अब अनिश्चितकाल के लिए टल गई है। अदालत के इस रुख से फिल्म निर्माताओं को दोहरा झटका लगा है।
सख्त सवाल
फिल्म का केरल से कोई वास्ता नहीं, फिर भी ये नाम क्यों?
अदालत ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि फिल्म के निर्माताओं ने इसे 'सच्ची घटनाओं से प्रेरित' बताकर प्रचारित किया है। फिल्म की कहानी का केरल राज्य से कोई लेना-देना नहीं है, इसके बावजूद फिल्म के नाम में राज्य का नाम इस्तेमाल किया गया है। ये गंभीर विचार का विषय है।" जब फिल्म का केरल से कोई भौगोलिक या ऐतिहासिक संबंध नहीं है तो इसे 'द केरल स्टोरी' क्यों कहा जा रहा है?
जानकारी
'द केरल स्टोरी' का सीक्वल है 'द केरल स्टोरी 2'
'द केरल स्टोरी 2' साल 2023 में आई फिल्म 'द केरल स्टोरी' का सीक्वल है। 'द केरल स्टोरी' को सुदीप्तो सेन ने निर्देशित किया था। सीक्वल के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह हैं और विपुल शाह ने 'सनशाइन पिक्चर्स' के बैनर तले इसका निर्माण किया है।