Page Loader
जवान: प्रेस कॉन्फ्रेंस में छाए शाहरुख खान-दीपिका पादुकोण, नयनतारा क्यों रहीं गायब?
'जवान' के प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं पहुंचीं नयनतारा (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@nayantharaaa)

जवान: प्रेस कॉन्फ्रेंस में छाए शाहरुख खान-दीपिका पादुकोण, नयनतारा क्यों रहीं गायब?

Sep 16, 2023
10:47 am

क्या है खबर?

शुक्रवार को मुंबई में 'जवान' की टीम फिल्म की सफलता का जश्न मनाती दिखी। फिल्म से पहले शाहरुख खान ने जमीनी स्तर पर इसका कोई प्रचार नहीं किया था। अब जब फिल्म सिनेमाघरों में छाई हुई है, तब वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। समारोह में उनके साथ दीपिका पादुकोण भी थीं। एक तरफ शाहरुख और दीपिका ने सारी लाइमलाइट चुरा ली, वहीं मुख्य अभिनेत्री नयनतारा गायब रहीं। आपको बताते हैं मुख्य अभिनेत्री होने के बावजूद नयनतारा क्यों नहीं आईं।

खबर

खास अवसर पर क्यों नहीं पहुंची नयनतारा?

'जवान' से नयनतारा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया है और मुंबई की प्रेस कॉन्फ्रेंस एक अहम मौका था। पर्दे पर कमाल दिखाने के बाद यह नयनतारा के लिए देशभर के प्रशंसकों से जुड़ने का अच्छा अवसर था। हालांकि, अभिनेत्री की प्राथमिकता कुछ और थी। दरअसल, इसी दिन नयनतारा की मां का जन्मदिन था और वह इस खास अवसर पर मां के साथ रहना चाहती थीं। उन्होंने मुंबई में प्रशंसकों के लिए एक रिकॉर्डेड मैसेज भेजा।

रिकॉर्डेड संदेश

समारोह में भेजा रिकॉर्डेड संदेश

अपने रिकॉर्डेड मैसेज में नयनतारा ने कहा कि भले वह वहां नहीं पहुंची हैं, लेकिन अपने प्रशंसकों और मीडिया के साथियों के लिए प्यार भेज रही हैं। उन्होंने बताया, "मैं चाहती हूं कि आज मैं वहां उन लोगों के साथ होती, जिन्होंने इस पूरे सफर में मेरा बहुत साथ दिया है, लेकिन मेरे परिवार के लिए आज एक खास अवसर है और मैं यह दिन उनके साथ बिताना चाहती थी।"

वादा

जल्द मिलने का किया वादा

नयनतारा ने 'जवान' की सफलता पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मैं आप सबके मैसेज पढ़ रही हूं। 'जवान' के लिए इतना प्यार पाकर मैं अभिभूत हूं। मैं इसके लिए बहुत कृतज्ञ हूं।" नयनतारा ने शाहरुख को भी उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। नयनतारा ने आगे कहा कि भले ही वह इस बार मुंबई नहीं आ सकी हैं, लेकिन वह जल्द आएंगी। उन्होंने कहा, "क्या हुआ अगर आज नहीं मिल पाए तो, हमेशा एक 'अगली बार' होता है।"

लोकप्रियता

बॉक्स ऑफिस पर 'जवान' का शानदार प्रदर्शन

नयनतारा तमिल फिल्म जगत की मशहूर अभिनेत्री हैं। दक्षिण भारतीय प्रशंसकों के बीच उनकी खूब लोकप्रियता है। 'जवान' से वह देशभर में मशहूर हो गई हैं। फिल्म में नयनतारा एक जांच अधिकारी की भूमिका में हैं, जिन्होंने पर्दे पर शाहरुख के साथ एक्शन भी किया और रोमांस भी। एटली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विजय सेतुपति ने नकारात्मक भूमिका निभाई है। फिल्म 7 सितंबर को रिलीज हुई थी और भारत में 386 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा चुकी है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

फिल्म में दीपिका का अहम किरदार है। खास बात यह है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए कोई फीस नहीं ली। इससे पहले उन्होंने '83' और 'सर्कस' भी मुफ्त में की थी। उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म 'ओम शांति ओम' भी बिना फीस के की थी।