Page Loader
कॉफी विद करण: रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण, सनी देओल-बॉबी देओल समेत इन मेहमानों की चर्चा
जल्द शुरू हो रहा है 'कॉफी विद करण 8'

कॉफी विद करण: रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण, सनी देओल-बॉबी देओल समेत इन मेहमानों की चर्चा

Oct 22, 2023
10:49 am

क्या है खबर?

करण जौहर का चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण 8' जल्द शुरू होने जा रहा है। हर बार की तरह इस बार भी शो में आने वाले मेहमानों की खूब चर्चा हो रही है और तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दर्शक भी सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा सितारे के शो में आने की उम्मीद कर रहे हैं। आइए, नजर डालते हैं 'कॉफी विद करण' में किन सितारों के आने की चर्चा है।

दीपिका-रणवीर

दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शो के इस सीजन में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह नजर आएंगे। पहली बार वे किसी चैट शो में साथ में नजर आएंगे। इतना ही नहीं, खबर है कि शो में रणवीर और दीपिका की शादी के अनदेखे वीडियो भी दिखाए जाएंगे। इससे रणवीर और दीपिका के प्रशंसक काफी उत्साहित हैं। पिछले सीजन में रणवीर, आलिया भट्ट के साथ नजर आए थे। दोनों ने करण के साथ खूब मस्ती भी की थी।

सनी देओल-बॉबी देओल

सनी देओल-बॉबी देओल

करण के शो में देओल भाई सनी देओल और बॉबी देओल भी पहुंच सकते हैं। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि दोनों शो के एपिसोड की शूटिंग भी पूरी कर चुके हैं। दोनों को आखिरी बार 2005 में एक साथ 'कॉफी विद करण 2' में देखा गया था। बीते दिनों सनी अपनी फिल्म 'गदर 2' के लिए चर्चा में रहे और बॉबी अपनी आने वाली फिल्म 'एनिमल' के लिए चर्चा में हैं।

सुहाना-अगस्त्य-खुशी

सुहाना खान, खुशी कपूर, अगस्त्य नंदा

खबरों की मानें तो शो में 'द आर्चीज' के सितारे सुहाना खान, खुशी कपूर और अगस्त्य नंदा भी नजर आ सकते हैं। ये स्टारकिड्स जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत कर रहे हैं। हालांकि, अगर से सितारे शो में पहुंचते हैं तो करण पर एक बार फिर से स्टारकिड्स को बढ़ावा देने के लिए उंगलियां उठना तया है। एक प्रोमो में करण कह रहे हैं, "मैं स्टारकिड्स को बुलाऊंगा, उनके नाती-पोतों को भी बुलाऊंगा।"

आलिया-करीना

आलिया भट्ट-करीना कपूर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करण ने आलिया को इस बार भी आमंत्रित किया है। उन्होंने आलिया के साथ करीना कपूर को बुलाया है। अगर दोनों कलाकार एक साथ शो में पहुंचती हैं, तो जाहिर है दर्शकों को कपूर खानदान के बारे में बहुत सारी खट्टी-मीठी बातें जानने को मिलेंगी। आलिया और करीना ने हाल ही में साथ में एक विज्ञापन किया है। दोनों करण के साथ ही एक इंटरव्यू में भी नजर आई थीं।

क्या खास?

इस बार क्या है खास?

'कॉफी विद करण' जितना अपनी चटपटी बातों के लिए चर्चित रहता है, उतना ही अपने भव्य सेट और काउच (सोफा) के लिए जाना जाता है। हाल ही में जब करण ने शो का प्रोमो जारी किया तो दर्शक नए सेट को देखकर जंग रह गए। इस बार शो का न सिर्फ सेट पूरी तरह बदल दिया गया है, बल्कि शो का चर्चित काउच भी बदला जा चुका है। अब काउच पर आने वाले सितारों के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

शो का पहला सीजन 19 नवंबर, 2004 में शुरू हुआ था। इस शो के पहले मेहमान शाहरुख खान और काजोल बने थे। शो अक्सर विवादों में भी रहा है। शो में कंगना रनौत, इमरान हाशमी, केएल राहुल जैसे सितारों की टिप्पणियां खूब विवादों में रहीं।