मशहूर रैपर रॉब बेस का 59 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से जूझ रहे थे कैंसर से
'इट टेक्स टू' जैसे सुपरहिट गाने के लिए मशहूर हार्लेम के रैपर रॉब बेस का 59 साल की उम्र में निधन हो गया है। वो पिछले काफी समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे थे, लेकिन उन्होंने इस बात को सबसे छुपा कर रखा था।
उनके जाने की खबर उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए दी गई। इस पोस्ट में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा गया, 'शानदार संगीत, अच्छी यादों और उन पलों के लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया, जो हमारी जिंदगी का हिस्सा बन गए।'
स्नूप डॉग से लेकर GTA गेम तक छाया रहा रॉब का ये सुपरहिट गाना
डीजे ई-जेड रॉक के साथ मिलकर बनाया गया रॉब बेस का गाना 'इट टेक्स टू' एक बहुत बड़ा हिट था। यह गाना बिलबोर्ड के डांस चार्ट में तीसरे नंबर तक पहुंचा था और इसे 'प्लैटिनम सर्टिफिकेशन' (बड़ी सफलता का अवॉर्ड) भी मिला था।
इस गाने का क्रेज इतना ज्यादा था कि स्नूप डॉग जैसे बड़े कलाकारों ने इसे अपने गानों में इस्तेमाल किया। इसके अलावा, यह मशहूर फिल्म 'द प्रपोजल' और वीडियो गेम 'GTA: सैन एंड्रियास' में भी सुनाई दिया।
रॉब बेस के निधन के बाद अब फैंस और बड़े कलाकार उन्हें याद कर रहे हैं। मशहूर कॉमेडियन डेन कुक ने इसे अपना पसंदीदा गाना बताया, वहीं NFL के दिग्गज खिलाड़ी डियॉन सैंडर्स ने भी रॉब बेस को अपना 'लेजेंड' कहकर श्रद्धांजलि दी।