'हनुमान अंश' ने 80 दिनों तक सिनेमाघरों में मचाया धमाल, 300 करोड़ कमाकर अब OTT पर
क्या है खबर?
नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हनुमान अंश' जल्द ही OTT पर रिलीज होने जा रही है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इसकी डिजिटल रिलीज की जानकारी दी है। महज 2 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बिना किसी बड़े स्टार के बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्डतोड़ कमाई कर इतिहास रच दिया है। अब फैंस घर बैठे इस शानदार फिल्म को देख सकेंगे।
ऐलर
सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी 300 करोड़ी 'हनुमान अंश'
'हनुमान अंश' की OTT रिलीज का ऐलान करते हुए निर्माताओं ने लिखा, 'एक दिव्य शक्ति। एक असाधारण कहानी। देशभर से प्यार पाने वाली फिल्म, अब आपके घर आ रही है। 27 नवंबर को सोनी लिव पर आ रही है 'हनुमान अंश'।'
बता दें कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की थिएटर में सफलता के बाद से ही फैंस इसके OTT पर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जो अब बहुत जल्द खत्म होने वाला है।
कहानी
ऐसी है फिल्म 'हनुमान अंश' की कहानी
फिल्म 'हनुमान अंश' लक्ष्मीनारायण नाम के युवक की कहानी है, जो अपनी मां के निधन के बाद ईश्वर, जीवन और मृत्यु के उत्तर खोजने निकल पड़ता है। उत्तर भारत की यह आध्यात्मिक यात्रा उसे मानवीय दुखों और अस्तित्व के गहरे अर्थ से रूबरू कराती है, जिससे उसका रूपांतरण नीम करोली बाबा के रूप में होता है।
अभिनेता शोभिनव सत्या ने इस मुख्य भूमिका को जीवंत किया है, जिनकी सीख आज भी दुनिया भर के भक्तों को प्रेरित करती है।
कमाई
'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
इस फिल्म ने भारत में 342.44 करोड़ और दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। महज 10 लाख की धीमी शुरुआत और शुरुआती दो हफ्तों में 1.50 करोड़ रुपये की मामूली कमाई के बाद इसे फ्लॉप मान लिया गया था।
हालांकि, दर्शकों की तारीफों के दम पर फिल्म ने चौथे हफ्ते से हर हफ्ते 60 करोड़ से ज्यादा बटोरे। सिनेमाघरों में 80 दिनों तक टिकी इस फिल्म ने 8वें हफ्ते में 300 करोड़ पार कर इतिहास रच दिया।