ग्रैमी विजेता गायक पीबो ब्रायसन का 75 साल की उम्र में निधन, परिवार ने की पुष्टि
क्या है खबर?
हॉलीवुड के दिग्गज गायक पीबो ब्रायसन का निधन हो गया है। उन्होंने 2 जून को 75 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली। इस खबर की पुष्टि उनके परिवार ने की। हालांकि, परिवार ने गायक की मौत की वजह का खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह पता चला है कि ब्रायसन को स्ट्रोक हुआ था और उनका इलाज चल रहा था। ब्रायसन 2 बार के ग्रैमी अवार्ड्स विजेता थे, जिन्हें 1992 और 1993 में यह सम्मान मिला था।
बयान
पीबो ब्रायसन के परिवार ने साझा किया भावुक बयान
वैरायटी के अनुसार, ब्रायसन के परिवार ने एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने कहा कि गायक की 'असाधारण' आवाज ने 5 दशकों से ज्यादा समय तक जिंदगी के कुछ सबसे यादगार पलों के लिए संगीत बनाया। उनका मानना था कि उनके संगीत ने कई पीढ़ियों को खुशी के मौकों, प्रेम कहानियों और सुकून के पल दिए। उनके संगीत ने एक ऐसी विरासत बनाई जो उनसे प्यार करने वाले अनगिनत लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।
जश्न
परिवार के साथ मनाया था 75वां जन्मदिन
'ब्यूटी एंड द बीस्ट' और 'अ होल न्यू वर्ल्ड' जैसे कई गानों को आवाज देने वाले ब्रायसन ने इसी साल अप्रैल में परिवार और दोस्तों के साथ अपना 75वां जन्मदिन मनाया था। मई में उन्होंने जेफरी ऑस्बॉर्न के साथ एक कॉन्सर्ट में अपनी गायिकी का प्रदर्शन भी किया। वह इस साल के आखिर में अपने 'गोल्डन टच' टूर के तहत कई शो भी करने वाले थे, लेकिन पहले ही आई इस दुखद खबर से फैंस का दिल टूट गया है।