अल्लू अर्जुन की इस फिल्म से दक्षिण सिनेमा में डेब्यू करेंगे गोविंदा- रिपोर्ट
क्या है खबर?
एटली की आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म 'राका' को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 90 के दशक के मशहूर अभिनेता गोविंदा भी इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का हिस्सा हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में गोविंदा की दिखाई देने की कुल अवधि भले ही कम हो, लेकिन कहानी में उनका किरदार काफी अहम होगा।
जानकारी
निर्माताओं ने नहीं दी गोविंदा की फिल्म में होने की जानकारी
द सियासत डेली के हवाले से आई एक रिपोर्ट में इस कास्टिंग का जिक्र किया गया है।
हालांकि, न तो फिल्म के निर्माताओं, न ही गोविंदा और न ही उनकी टीम ने इस खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। उनके किरदार को लेकर भी फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
अगर यह खबर सही साबित होती है, तो यह दक्षिण भारतीय सिनेमा में गोविंदा की पहली फिल्म होगी।
फिल्म
कब रिलीज होगी फिल्म?
एटली 'राका' का निर्देशन कर रहे हैं। इस फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आ सकते हैं।
अल्लू और दीपिका के अलावा, मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना के भी इस फिल्म का हिस्सा होने की चर्चा है।
खबर है कि राम्या कृष्णन, योगी बाबू और जिम सर्भ को भी अहम किरदारों के लिए चुना गया है।
फिल्म की कहानी के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।