नीलम कोठारी की मासूमियत पर दिल हार बैठे थे गोविंदा, बोले- गुड़िया जैसी थीं वाे
क्या है खबर?
90 के दशक में बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्मों की झड़ी लगाने वाले सुपरस्टार गोविंदा अपनी पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहे। उस दौर में गोविंदा और नीलम कोठारी की जोड़ी पर्दे पर सुपरहिट थी, लेकिन पर्दे के पीछे भी उनके अफेयर के किस्सों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब सालों बाद गोविंदा ने एक हालिया इंटरव्यू में इस बारे में बात की और नीलम के साथ अपना अफेयर कुबूल किया।
बयान
हमें गोरी लड़कियां बड़ी पसंद थीं- गोविंदा
गोविंदा ने नीलम के प्रति अपने आकर्षण को बयां कर कहा, "देखिए, हम जैसे जो जवान गांव टाइप के होते हैं, उन सभी को गोरी लड़कियां बहुत अच्छी लगती हैं। ये जो विपरीत आकर्षण है ना, ये हुआ करता है। नीलम तो बाकी सबसे बहुत अलग थीं। बिल्कुल 'गुड़िया' की तरह दिखती थीं। गोविंदा ने ये भी स्वीकार किया कि भले ही वो उस समय शादीशुदा थे, लेकिन वह नीलम की मासूमियत और उनकी खूबसूरती पर दिल हार बैठे थे।
दीवानगी
नीलम को देखकर सीटियां बजाते थे गोविंदा
गोविंदा ने बताया कि नीलम का व्यक्तित्व एक 'गुड़िया' जैसा था, जिसने उन पर बहुत गहरी छाप छोड़ी थी। उन्होंने कहा कि एक वक्त था, जब वो सिनेमाघर में नीलम की फिल्में देखा करते थे और उनकी खूबसूरती की तारीफ में जोर-जोर से सीटियां बजाते थे। गोविंदा ने भावुक होकर कहा, "मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस अभिनेत्री को देख मैं सीटियां मारता हूं, एक दिन मुझे ही उनके साथ काम करने का मौका मिलेगा।"
प्यार
गोविंदा बोले- 90 के दशक का प्यार था मासूम
गोविंदा के अनुसार, "आज के दौर के अफेयर्स और 90 के दशक के प्यार में जमीन-आसमान का फर्क था। उन्होंने पुरानी यादें ताजा कर कहा, "उस टाइम पे... अभी जैसे ये अफेयर्स होते हैं, वैसे तो होते नहीं थे। हम तो बस बवाल मचाते थे... बस लगता था कि हां, कुछ चल रहा है।" गोविंदा ने उस दौर की मासूमियत का जिक्र कर कहा, "पहले वाला रोमांस तो बस देखने मात्र का था। एक-दूसरे को देख लिया, वही बहुत था।"
जोड़ी
हिट थी गोविंदा-नीलम की जोड़ी
गोविंदा और नीलम की जोड़ी 80 के दशक के अंत और 90 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक थी। इन दोनों सितारों ने फर्ज की जंग', 'बिल्लू बादशाह', 'ताकतवर' और 'घराना' जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। इस सफर की शुरुआत 'लव 86' और 'इल्जाम' जैसी फिल्मों से हुई। इसके बाद 'खुदगर्ज' और 'सिंदूर' जैसी फिल्मों ने इस जोड़ी को बॉक्स ऑफिस का गारंटी कार्ड बना दिया।