Loading...
केंद्र सरकार की अश्लील कंटेट पर बड़ी कार्रवाई, 2 साल में 50 OTT प्लेटफॉर्म्स बंद
अश्लील कंटेंट फैलाने वाले 50 OTT प्लेटफॉर्म्स बंद

केंद्र सरकार की अश्लील कंटेट पर बड़ी कार्रवाई, 2 साल में 50 OTT प्लेटफॉर्म्स बंद

Jul 22, 2026
06:22 pm

क्या है खबर?

भारत में अश्लील और आपत्तिजनक कंटेट पर नकेल कसते हुए केंद्र सरकार ने पिछले 2 सालों में एक बड़ा कदम उठाया है। लगातार मिल रही शिकायतों और नियमों के उल्लंघन के बाद सरकार ने 50 OTT प्लेटफॉर्म्स पूरी तरह से ब्लॉक कर दिए। ये कार्रवाई IT नियम 2021 और महिलाओं के अश्लील रूपण से जुड़े कानूनों के तहत की गई है। सरकार का साफ संदेश है कि मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई

IT एक्ट और BNS के उल्लंघन पर गिरी गाज

केंद्र सरकार ने अश्लील कंटेंट के प्रसारण और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 सहित विभिन्न कानूनों के उल्लंघन का हवाला देते हुए पिछले 2 वर्षों में भारत में 50 OTT प्लेटफॉर्म्स की सार्वजनिक पहुंच को बंद कर दिया है।

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन ने 22 जुलाई को लोकसभा में राजाभाऊ पराग प्रकाश वाजे के सवाल का लिखित जवाब देते हुए ये जानकारी साझा की।

कानूनी आधार

केंद्रीय मंत्री ने बताया कानूनी आधार

केंद्रीय मंत्री मुरुगन के अनुसार, अश्लील कंटेंट की शिकायतों पर 50 OTT प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ मौजूदा कानूनी ढांचे के तहत कार्रवाई की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि IT अधिनियम की धारा 79(3)(b) सरकार को गैर-कानूनी सामग्री को हटाने या उसकी पहुंच को ब्लॉक करने का अधिकार देती है।

इसी प्रावधान के आधार पर नियम तोड़ने वाले OTT ऐप्स और मध्यवर्ती संस्थाओं पर लगातार कार्रवाई होती है, जिसने डिजिटल मीडिया को नियंत्रित करने का एक मजबूत ढांचा तैयार किया है।

ADVERTISEMENT