महाभारत के गजेंद्र चौहान ने फिल्म 'रामायण' के शीर्षक की वर्तनी पर जताई आपत्ति, कही ये बात
'महाभारत' के अभिनेता गजेंद्र चौहान नीतेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' के नाम से खुश नहीं हैं। उन्हें यह बात समझ नहीं आ रही कि 'राम' को 'रामा' और 'रामायण' को 'रामायणा' क्यों किया जा रहा है।
गजेंद्र का कहना है कि ऐसा लगता है जैसे पारंपरिक नामों को सिर्फ इसलिए बदला जा रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को अपनी तरफ खींचा जा सके।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 'लगान' फिल्म भी ऑस्कर तक पहुंची थी, लेकिन उसका नाम 'लगान' ही रखा गया था, 'लगाना' नहीं।
इतने करोड़ में बनी 'रामायण'
यह नई 'रामायण' एक बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका बजट 4 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है और इसे 2 भागों में बनाया जाएगा।
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा इसे 'दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म' बता रहे हैं। उनका मकसद भारत के इस ऐतिहासिक महाकाव्य को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाना है।
इसका पहला भाग अक्टूबर 2026 में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 को रिलीज होगा। संगीत के लिए एआर रहमान और हंस जिमर मिलकर काम कर रहे हैं।