LOADING...
'गदर' को 25 साल, 'गदर 3' के भविष्य को लेकर अनिल शर्मा ने खोला बड़ा राज
'गदर 3' आ रही या नहीं?

'गदर' को 25 साल, 'गदर 3' के भविष्य को लेकर अनिल शर्मा ने खोला बड़ा राज

Jun 14, 2026
08:07 pm

क्या है खबर?

भारतीय सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई सनी देओल की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर' ने अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक मौके पर फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने उस दौर की कई अनसुनी यादें साझा कीं। इतना ही नहीं, जब उनसे फैंस के सबसे पसंदीदा सवाल यानी 'गदर 3' को लेकर बात की गई तो उन्होंने फिल्म के अगले भाग के भविष्य और उसकी तैयारी को लेकर भी एक बड़ा अपडेट दिया।

विश्वास

"कहानी सुनते ही जान गया था इतिहास रचेगी फिल्म"

निर्देशक ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, "जिस दिन फिल्म के लेखक शक्तिमान तलवार ने मुझे इसकी कहानी सुनाई थी, मैं तभी जान गया था कि इसमें भारत की सबसे बड़ी हिट फिल्म बनने का दम है और ऐसा ही हुआ। 'मदर इंडिया' (1957), 'मुगल-ए-आजम' (1960) और 'शोले' (1975) मेरी पसंदीदा फिल्में रही हैं और मैंने इस फिल्म को उसी स्तर पर बनाने की कोशिश की थी, जिसके बाद यह भी उस टॉप लिस्ट में शामिल हो गई।"

दावा

'गदर' का ये महा-रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया

अनिल बोले, "ब्लॉकबस्टर कमाई के अलावा इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों में 10 करोड़ लोग पहुंचे थे और आज तक कोई भी फिल्म इस रिकॉर्ड को नहीं छू पाई है, यहां तक कि 'गदर 2' देखने भी इसके मुकाबले केवल आधे लोग सिनेमाघर पहुंचे थे। आज हम 'लगान' के साथ टक्कर की बात करते हैं, पर सच ये है कि तब कोई प्रतिस्पर्धा ही नहीं थी। 2-3 बड़ी फिल्में एक साथ रिलीज होती थीं और सभी अच्छा कारोबार करती थीं।"

Advertisement

अपडेट

अगले साल शुरू हो सकती है 'गदर 3' की शूटिंग

'गदर 3' को लेकर निर्देशक अनिल शर्मा ने कहा कि 'गदर 2' उन्होंने तभी बनाई जब उन्हें पहली फिल्म से भी ज्यादा दमदार कहानी मिली। उनके अनुसार, अगर 'गदर' एक बम थी और 'गदर 2' एटम बम, तो अगला भाग तभी बनेगा, जब उन्हें न्यूक्लियर बम जैसी कहानी मिलेगी। अनिल ने बताया कि फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है और सब कुछ ठीक रहा तो अगले साल 'गदर 3' की शूटिंग शुरू हो सकती है।

Advertisement