तिहाड़ में बंद राजपाल यादव को मिला FWICE का साथ, बॉलीवुड से लगाई ये गुहार
क्या है खबर?
मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। भारी कर्ज और कानूनी मुश्किलों के बीच अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) उनके समर्थन में आगे आया है। FWICE ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री से अपील की है कि वो राजपाल की मदद करें, साथ ही स्पष्ट किया कि ये कोई 'दान' नहीं, बल्कि अपने साथी कलाकार को सहारा देने की एक कोशिश है।
अपील
फिल्म संस्था ने की एकजुटता दिखाने की अपील
दशक पुराने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर करने वाले राजपाल के लिए सोनू सूद और गुरमीत चौधरी द्वारा सार्वजनिक रूप से अपील किए जाने के बाद अब FWICE ने भी इंडस्ट्री से अभिनेता के साथ खड़े होने का आह्वान किया है। एक पत्र में फिल्म संस्था ने स्पष्ट किया कि ये किसी दान के लिए की गई अपील नहीं है, बल्कि अपने ही एक साथी सदस्य के प्रति एकजुटता दिखाने और उनका साथ देने का आह्वान है।
मदद
FWICE का संदेश- फिल्म इंडस्ट्री आए आगे और राजपाल को सहारा दे
FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा कि फेडरेशन पूरी तरह से राजपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ गलत रचनात्मक फैसलों की वजह से राजपाल कर्ज के जाल में फंस गए। तिवारी ने पूरे फिल्म जगत और अन्य संस्थाओं से अपील की कि वो आगे आएं और इस प्रतिभाशाली अभिनेता की मदद करें, क्योंकि वो इस तरह की सजा के हकदार नहीं हैं।
योगदान
राजपाल यादव ने दर्शकों और सिनेमा को बहुत कुछ दिया- FWICE
FWICE के इस पत्र में पूरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से राजपाल के इस व्यक्तिगत और आर्थिक संकट के समय में एकजुट होने की दिल से अपील की गई है। पत्र के एक हिस्से में लिखा गया है, 'राजपाल न केवल करोड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने वाले एक मशहूर अभिनेता हैं, बल्कि वो हमारी इंडस्ट्री के एक समर्पित सदस्य भी हैं, जिन्होंने दशकों की अपनी मेहनत और यादगार परफॉर्मेंस से भारतीय सिनेमा में बहुत बड़ा योगदान दिया है।'
संकट
FWICE ने कहा- संकट किसी पर भी आ सकता है
FWICE ने जोर दिया कि ये समय पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपनी एकजुटता, करुणा और सामूहिक जिम्मेदारी दिखाने का है। पत्र में लिखा गया, 'आर्थिक संकट किसी को भी प्रभावित कर सकता है, चाहे उसका कद या सफलता कितनी भी बड़ी क्यों न हो। एक बिरादरी के रूप में हमारी असली पहचान इसी बात से होती है कि हम अपने सहयोगियों के साथ उस वक्त कैसे खड़े होते हैं, जब उन्हें हमारी सबसे ज्यादा जरूरत होती है।'
सहायता
राजपाल की मदद को आगे आया संगीत और राजनीति जगत
निर्माता अशोक पंडित ने कहा कि ये कदम अपने साथी कलाकार की मदद की दिशा में एक शुरुआत है। राजपाल की 'ना न कह पाने' की आदत और एक ब्रॉडवे प्रोडक्शन बनाने की कोशिश ने उन्हें इस मुश्किल मोड़ पर खड़ा कर दिया। राजपाल की मदद के लिए संगीत और राजनीति जगत भी आगे आया है। संगीत निर्माता राव इंद्रजीत सिंह ने 1.11 करोड़ और राजनेता तेज प्रताप यादव ने 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।