NEET विवाद: आर माधवन की चुप्पी से बौखलाए FTII के छात्र, केबिन के बाहर लगाए पोस्टर
क्या है खबर?
NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, सोनाक्षी सिन्हा समेत बॉलीवुड के कई जाने-माने सितारे खुलकर सामने आए और छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इस बीच, फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के छात्रों ने अध्यक्ष और अभिनेता आर माधवन की चुप्पी पर नाराजगी जाहिर की और उनका मजाक उड़ाते हुए केबिन के बाहर पोस्टर लगा दिए हैं।
नाराजगी
छात्रों ने विरोध पर प्रतिक्रिया देने का आग्रह किया
तिलचट्टा जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच, सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर में FTII में माधवन के केबिन का दरवाजा दिखाया गया है।
उसपर मशहूर 'गायब' मीम वाला पोस्टर लगा है, साथ में लिखा है, 'NEET बिकाऊ है।'
पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता से आग्रह किया कि वह इस विरोध प्रदर्शन पर चुप्पी तोड़ें, क्योंकि उनके पास एक मंच है और वह एक शीर्ष संस्थान के अध्यक्ष हैं।
प्रतिक्रिया
माधवन को जमकर किया जा रहा ट्रोल
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, 'वो अभी भी अजीत डोवाल के किरदार में हैं; जासूस की जिंदगी जीना आसान नहीं है, छुपकर रहना पड़ता है।'
दूसरे ने लिखा, '@actormaddy अब्बा नहीं मान रहे हैं क्या?'
हालांकि, इस ट्रोलिंग पर अभिनेता की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बता दें, छात्र NEET पेपर लीक समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली की जवाबदेही और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।