LOADING...
सूर्या की 'करुप्पु' के शो अचानक हुए रद्द तो सड़कों पर उतरे सैकड़ों प्रशंसक, वीडियो वायरल
सूर्या की 'करुप्पु' पर बवाल, शो रद्द होने से भड़के फैंस

सूर्या की 'करुप्पु' के शो अचानक हुए रद्द तो सड़कों पर उतरे सैकड़ों प्रशंसक, वीडियो वायरल

May 14, 2026
06:07 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सुपरस्टार सूर्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'करुप्पु' की रिलीज में हुई देरी ने प्रशंसकों के उत्साह को गुस्से में बदल दिया है। पुडुचेरी के एक सिनेमाघर में फिल्म के शो समय पर शुरू न होने से नाराज फैंस ने जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। उम्मीद थी कि फिल्म 25 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ओपनिंग करेगी, लेकिन तकनीकी देरी और शोज टलने से यह मुश्किल नजर आ रहा है। इससे फैंस में काफी नाराजगी देखने को मिली।

नाराजगी

धूमधाम से स्वागत की थी तैयारी, पर रिलीज टलने से टूटा फैंस का दिल

तमिल अभिनेता सूर्या के प्रशंसक फिल्म की रिलीज का जश्न मनाने के लिए पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने फिल्म के नाम वाली कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहनी थी और साथ में पटाखे, ढोल-नगाड़े और कंफेद्दी (कांगज के रंगीन टुकड़े) भी लाए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने सूर्या के पोस्टरों को माला पहनाने और दूध से नहलाने (दुग्धाभिषेक) की भी योजना बनाई थी। आरजे बालाजी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में तृषा कृष्णन भी मुख्य भूमिका में हैं।

विरोध प्रदर्शन

पुडुचेरी में निर्माता के खिलाफ किया प्रदर्शन

सिनेमाघरों के गेट बंद और शो रद्द होने से भड़के सूर्या के फैंस ने पुडुचेरी में निर्माता एसआर प्रभु और ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इंस्टाग्राम यूजर्स सुबह से ही फैंस को अपडेट दे रहे हैं। एक वीडियो में 'जीवा रुक्मणी' थिएटर के बाहर प्रशंसक सूर्या के पोस्टर पर माला चढ़ाते, दूध से नहलाते और जयकारे लगाते नजर आए। जश्न के दौरान फैंस ने कंफेद्दी उड़ाई और स्मोक बम भी जलाए।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

Advertisement

आक्रोश

फैंस ने शो रद्द होने पर सिनेमाघर के बाहर ही जमाया डेरा

जश्न का माहौल तब अचानक बदल गया, जब प्रशंसकों को सूचना मिली कि 'करुप्पु' का शो रद्द कर दिया गया है। फिल्म के गानों पर थिरक रहे फैंस प्रोडक्शन हाउस से कोई जानकारी न मिलने के कारण दुविधा में पड़ गए। 'करुप्पु' टी-शर्ट पहने प्रशंसकों के एक समूह ने थिएटर के बाहर बैठकर निर्माता एसआर प्रभु के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। शो रद्द होने के बावजूद कई प्रशंसक अपडेट पाने की उम्मीद में वहीं डटे रहे।

कारण

क्यों टली 'करुप्पु' की रिलीज? सामने आई वित्तीय गड़बड़ी की खबर

तमिलनाडु के अन्य थिएटर प्रबंधकों की तरह फैन ने भी बताया कि उन्हें फिल्म की रिलीज में देरी का कारण वित्तीय विवाद बताया गया है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक इन मुद्दों को सुलझा लिया जाएगा। इसी बीच, चेन्नई के रोहिणी सिल्वर स्क्रीन्स जैसे बड़े सिनेमाघरों से भी ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जहां प्रशंसक फिल्म की रिलीज से जुड़ी किसी भी अपडेट के इंतजार में भारी संख्या में जमा हैं।

ट्विटर पोस्ट

नाराज हुए सूर्या के प्रशंसक

रिलीज

15 मई को रिलीज होगी फिल्म

ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स द्वारा सिनेमाघरों को समय पर KDM (डिजिटल कोड) के लिए भुगतान न किए जाने के कारण फिल्म की रिलीज अटक गई है। इस बीच PVR INOX ने स्पष्ट कर दिया है कि 'करुप्पु' 15 मई को रिलीज होगी। फिल्म के ट्रेलर क्लिप साझा कर लिखा है, 'अंधेरा, भयंकर और अप्रत्याशित। एक आदमी का गुस्सा और एक ऐसी कहानी जो पर्दे हिला देगी। 15 मई को PVR INOX पर करुप्पु की शक्ति देखने के लिए तैयार हो जाइए।'

Advertisement