Page Loader
'जटाधारा' से लेकर 'हीरामंडी 2' तक, सोनाक्षी सिन्हा की इन फिल्मों और सीरीज का है इंतजार 
ये हैं सोनाक्षी सिन्हा की आगामी फिल्में (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@aslisona)

'जटाधारा' से लेकर 'हीरामंडी 2' तक, सोनाक्षी सिन्हा की इन फिल्मों और सीरीज का है इंतजार 

Jun 02, 2025
10:17 am

क्या है खबर?

सोनाक्षी सिन्हा का नाम उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी उम्दा अदाकारी के दम पर दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है। सोनाक्षी ने सलमान खान की फिल्म 'दबंग' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा और हिंदी सिनेमा को एक से बढ़कर एक फिल्में दीं। 2 जून को सोनाक्षी 38 साल की हो गई हैं। आइए उनकी आगामी फिल्मों और वेब सीरीज पर एक नजर डालते हैं।

#1

'निकिता रॉय'

सोनाक्षी जल्द ही फिल्म 'निकिता रॉय' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करती हुई नजर आएंगी। इस मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म का निर्देशन सोनाक्षी के भाई कुश सिन्हा कर रहे हैं। यह फिल्म इसलिए खास है, क्योंकि इसके जरिए सोनाक्षी करीब 3 साल बाद बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। इस फिल्म में परेश रावल, सुहैल नय्यर और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। 'निकिता रॉय' 27 जून, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

#2

'जटाधारा' 

बॉलीवुड में धमाल मचाने के बाद अब सोनाक्षी तेलुगू सिनेमा में कदम रखने वाली हैं और उनकी पहली तेलुगू फिल्म का नाम है 'जटाधारा', जिसके लिए उन्होंने साउथ के सुपरस्टार सुधीर बाबू के साथ हाथ मिलाया है। 'जटाधारा' में सोनाक्षी का एक अलग ही अवतार देखने को मिलेगा। फिल्म में वह एक सशक्त महिला की भूमिका निभा रही हैं। यह एक एक्शन और सस्पेंस से भरपूर एक मनोरंजक फिल्म है, जिसके निर्देशन की कमान वेंकट कल्याण को सौंपी गई है।

#3

'तू है मेरी किरण' 

'जटाधारा' और 'निकिता रॉय' के अलावा सोनाक्षी के पास फिल्म 'तू है मेरी किरण' भी है, जिसमें वह अपने पति और अभिनेता जहीर इकबाल के साथ नजर आएंगी। करण राव और संजना मल्होत्रा ने इस फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली है। इससे पहले सोनाक्षी और जहीर फिल्म 'डबल XL' में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म 4 नवंबर, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसमें हुमा कुरैशी ने भी अहम भूमिका निभाई थी।

#4

'हीरामंडी 2'

संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में सोनाक्षी के काम को काफी सराहा गया था। इसके सीक्वल का भी दर्शक बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसका ऐलान पहले ही हो चुका है। यह सीरीज जल्द ही नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी। फिलहाल इसकी रिलीज तारीख सामने नहीं आई है। 'हीरामंडी' में मनीषा कोइराला, संजीदा शेख, सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी और ऋचा चड्ढा जैसी अभिनेत्री भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

#5

'दहाड़ 2'

सोनाक्षी की 'दहाड़' का सीक्वल भी कतार में है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सोनाक्षी ने 'दहाड़' के जरिए OTT का रुख किया था। क्राइम, सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर यह सीरीज 12 मई, 2023 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। 'दहाड़ 2' की कहानी पर काम शुरू हो चुका है। इसकी शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू हो जाएगी। इसमें गुलशन देवैया, विजय वर्मा और सोहम शाह भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।