'गेम ऑफ थ्रोन्स' के अभिनेता टॉम चैडबोन का निधन, सिनेमा जगत में शोक की लहर
'डॉक्टर हू', 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और हॉलीवुड फिल्म 'कैसीनो रॉयल' में अपनी शानदार अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज ब्रिटिश अभिनेता टॉम चैडबोन का 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
उनके जाने की दुखद खबर 'फेंटम इवेंट्स' ने साझा की। उन्हें याद करते हुए कंपनी ने कहा कि टॉम बेहद ही मिलनसार, जिंदादिल और गर्मजोशी से भरे इंसान थे। इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता के परिवार और करीबियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। टॉम चैडबोन के निधन से सिनेमा जगत और उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर है।
ऐसा रहा टॉम चैडबोन का यादगार अभिनय सफर
टॉम चैडबॉन ने 'रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट' (RADA) से अभिनय की बारीकियां सीखीं और अपने करियर की शुरुआत रंगमंच यानी थिएटर से की। इसके बाद वो ब्रिटिश टेलीविजन का एक बेहद लोकप्रिय और जाना-पहचाना चेहरा बन गए। उन्होंने 'ब्लेक्स 7', 'साइलेंट विटनेस', 'हार्टबीट' और 'द बिल' जैसे कई चर्चित शो में अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा।
दर्शकों के बीच उन्हें खासतौर पर 'डॉक्टर हू' (1979, 1986) में डगन और मेरडिन के किरदार, और 'गेम ऑफ थ्रोन्स' (2017) में 'हाई सेप्टन मेयर्ड' के रोल के लिए याद किया जाता है। थिएटर से लेकर टीवी और सिनेमा तक उनका ये सफर दिखाता है कि वो हर तरह के किरदार में बड़ी ही सहजता से ढल जाने वाले एक बहुमुखी अभिनेता थे।